Friday, Sep 25

होम = News Big = अफगानिस्तान पर PAK की एयरस्ट्राइक से रूस नाराज, तालिबान बोला- माकूल जवाब देंगे

अफगानिस्तान पर PAK की एयरस्ट्राइक से रूस नाराज, तालिबान बोला- माकूल जवाब देंगे

Pakistan Afghanistan Airstrike: पाकिस्तान ने गुरुवार तड़के अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर एयर और ड्रोन स्ट्राइक की। इस कार्रवाई को एक दिन पहले हुए कथित ड्रोन हमलों के जवाब के तौर पर बताया गया है। पाकिस्तान के मुताबिक, इन ठिकानों का इस्तेमाल ड्रोन रखने और उन्हें लॉन्च करने के लिए किया जा रहा था। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार हमले कंधार, पक्तिया और खोस्त में हुए। अफगान तालिबान सरकार ने कहा कि हमलों में चार नागरिक मारे गए।

रूस ने जताई चिंता

इस कार्रवाई पर रूस ने कड़ा रुख अपनाया है। काबुल स्थित रूसी दूतावास ने एक्स पर लगातार पोस्ट कर पूर्वी अफगानिस्तान में हवाई हमलों से नागरिकों के मारे जाने और घायल होने की खबरों पर गहरी चिंता जताई। रूस ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दोनों पक्षों से टकराव से बचने और बातचीत के जरिए मतभेद सुलझाने की अपील की।

तालिबान ने दी जवाब की चेतावनी

तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान की कार्रवाई को आक्रामकता बताते हुए कहा कि अफगानिस्तान इसका माकूल जवाब देगा। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान ने कंधार, पक्तिया और खोस्त में बमबारी की और चार नागरिक मारे गए। अफगान सरकार ने पाकिस्तान के उन दावों को भी खारिज किया, जिनमें अफगानिस्तान से पाकिस्तान की ओर ड्रोन भेजे जाने की बात कही गई थी।

अफगान पक्ष ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक सुरक्षा विफलताओं को छिपाने के लिए अफगान क्षेत्र पर हमले कर रहा है। वहीं पाकिस्तान का कहना है कि कार्रवाई उसके खिलाफ हुए ड्रोन हमलों से जुड़े सैन्य ठिकानों तक सीमित थी। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

ये भी पढ़े: Iran की US को चेतावनी, अगला हमला हुआ तो हिंद महासागर तक फैल सकता है युद्ध