Varanasi Graduate MLC Election Result 2026: उत्तर प्रदेश की चर्चित वाराणसी खंड स्नातक MLC सीट पर समाजवादी पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है। सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने बीजेपी के केदार नाथ सिंह को 55,046 मतों के अंतर से हराया। 21 अक्टूबर को मतदान के बाद 27 अक्टूबर से मतगणना शुरू हुई थी। लंबी गिनती के बाद घोषित नतीजों में सिन्हा की जीत का अंतर पिछले चुनाव से करीब पांच गुना ज्यादा रहा।
अखिलेश यादव और कार्यकर्ताओं को दिया जीत का श्रेय
जीत के बाद आशुतोष सिन्हा ने कहा कि यह सफलता उनकी नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा, 'अभी तो ये झांकी है, पूरा उत्तर प्रदेश जीतना बाकी है।' उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में सपा सरकार बनने का दावा किया। सिन्हा ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मतगणना स्थल पर निगरानी रखी, जिससे निष्पक्ष गिनती सुनिश्चित हुई।
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्नातक-शिक्षक MLC चुनावों में पार्टी के पांच विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी। उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि वाराणसी में पार्टी पहले मतगणना और फिर दोबारा गिनती में हारी। इसे उन्होंने 'डबल इंजन की डबल हार' बताया।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि विधान परिषद चुनावों के नतीजों ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की भूमिका तैयार कर दी है। उन्होंने बीजेपी की शिक्षा, शिक्षक और विद्यार्थी संबंधी नीतियों को हार का कारण बताया। साथ ही दावा किया कि बेरोजगार स्नातकों ने भी सरकार के खिलाफ फैसला सुनाया है।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि विभिन्न वर्गों में असंतोष के कारण पीडीए का जनाधार 95 प्रतिशत तक पहुंच गया है। उन्होंने बीजेपी की कुछ अन्य सीटों पर जीत में भी कथित हेराफेरी का आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़े: ग्वालियर में करवा चौथ पर पति ने की पत्नी की हत्या, सिर पर किए कई वार; थाने पहुंचकर कबूला जुर्म

