Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन का जश्न अब राजनीतिक विवाद में बदल गया है। जश्न के दौरान कथित हमले के बाद अभिषेक ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए संकल्प लिया कि जब तक 'लोकतंत्र विरोधी' ताकतों को राज्य से बाहर नहीं कर देते, तब तक केक नहीं काटेंगे। वहीं, ममता बनर्जी ने भी घटना को 'प्रायोजित बदतमीजी' करार देते हुए बीजेपी पर हमला बोला है।
जन्मदिन के आयोजन को लेकर पुलिस से टकराव
ममता बनर्जी ने कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंदा से इस्तीफे की मांग की है। दरअसल, बीएनएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद अभिषेक बनर्जी के समर्थक शनिवार सुबह से उनके आवास के बाहर जुटने लगे थे। यहां दोपहर 3 बजे केक काटने का कार्यक्रम तय था। पुलिस ने सड़क पर आयोजन और भीड़ जुटाने पर आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
पुलिस से बहस के बाद सड़क पर उतरीं ममता
पुलिस और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच बहस के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद ममता और अभिषेक बनर्जी को घर से बाहर आना पड़ा। ममता ने पुलिस पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने स्थानीय कारोबारियों को बिना डर व्यापार जारी रखने का भरोसा देते हुए समर्थकों से सड़क के बाईं ओर चलने और दाईं ओर वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने की अपील की।
ममता ने पुलिस अधिकारी को दी चेतावनी
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी कुछ लोगों को प्रलोभन देकर इलाके में भेज रही है। उन्होंने कालीघाट थाने के प्रभारी बलाई बाग पर भी निशाना साधते हुए उन्हें राजनीतिक दबाव में काम न करने की चेतावनी दी। ममता ने कहा कि वह उनकी ताकत और पदोन्नति से जुड़ी हर बात जानती हैं। साथ ही चेताया कि जनता का गुस्सा भड़का तो हालात बिगड़ सकते हैं।
ये भी पढ़ें: एक के बाद एक भूकंप से कांपी धरती, तिब्बत में 16 की मौत; 3 देशों में भी महसूस हुए झटके

