Tuesday, Oct 27

होम = Breaking = कर्नाटक में SIR के बाद वोटर लिस्ट से 1.08 करोड़ नाम बाहर, 4.54 करोड़ रह गए मतदाता

कर्नाटक में SIR के बाद वोटर लिस्ट से 1.08 करोड़ नाम बाहर, 4.54 करोड़ रह गए मतदाता

Karnataka SIR Final Voter List 2026: कर्नाटक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मंगलवार, 27 अक्टूबर को अंतिम वोटर लिस्ट जारी कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के मुताबिक, पुनरीक्षण के दौरान 1,08,76,625 गणना फॉर्म अंतिम सूची में शामिल नहीं हुए। इसके अलावा नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया के बाद 61,867 मतदाताओं को अयोग्य पाया गया। राज्य में SIR से पहले 5,54,32,314 मतदाता पंजीकृत थे, जबकि अंतिम सूची में यह संख्या घटकर 4,54,55,689 रह गई है।

अंतिम सूची में कितने मतदाता?

अंतिम मतदाता सूची में 2,25,40,493 पुरुष, 2,29,12,355 महिलाएं और 2,841 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 6.83 लाख से अधिक युवा मतदाता हैं।

30 जून से शुरू हुई थी SIR प्रक्रिया

कर्नाटक में 2002 के बाद पहली बार 30 जून 2026 को SIR शुरू हुई थी। बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी सत्यापित की। कुल 5.54 करोड़ गणना फॉर्म में से 4,46,35,975 फॉर्म हस्ताक्षर के साथ जमा हुए। इन मतदाताओं को 24 अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट सूची में शामिल किया गया।

ड्राफ्ट सूची से क्यों बाहर हुए 1.07 करोड़ नाम?

ड्राफ्ट सूची में 1,07,96,339 मतदाता (19.48%) शामिल नहीं हुए थे। इनमें 65,45,679 (11.81%) स्थायी रूप से स्थानांतरित, 19,00,926 (3.43%) अनुपस्थित, 16,39,864 (2.96%) मृत और 7,09,870 (1.28%) दोहरे या अन्यत्र पंजीकृत मतदाता थे। कई मामलों में गणना फॉर्म जमा नहीं हुए थे।

सुनवाई के बाद 61,867 मतदाता अयोग्य

चुनाव आयोग ने सत्यापन के लिए 43,82,824 नोटिस जारी किए और सभी मामलों में सुनवाई की। इसके बाद 61,867 मतदाताओं को अंतिम सूची में शामिल करने के लिए अयोग्य घोषित किया गया। यह प्रक्रिया 22 अक्टूबर को पूरी हुई।

10 लाख नए नाम जुड़े, 1.88 लाख हटाए गए

24 अगस्त से 23 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज की गईं। इस दौरान 10,08,038 नाम जोड़े गए, 1,88,324 हटाए गए और 8,96,519 प्रविष्टियों में सुधार हुआ। आवेदनों का निपटारा 22 अक्टूबर तक चला।

नए नामों में फॉर्म 6 से 8,77,104, फॉर्म 6A से 2,312 और स्थानांतरण संबंधी फॉर्म 8 से 1,28,622 नाम जोड़े गए।

हटाए गए नामों में 1,24,327 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 61,960 अन्य श्रेणी, 1,091 मृत, 762 डुप्लिकेट और 184 अनुपस्थित मतदाता थे। 'अन्य' श्रेणी में सुनवाई के दौरान अयोग्य पाए गए मामले भी शामिल थे। इस तरह व्यापक सत्यापन, दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के बाद कर्नाटक की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई।

ये भी पढ़े: CID के प्रोड्यूसर बीपी सिंह का 75 साल की उम्र में निधन, नींद में ली अंतिम सांस, टीवी इंडस्ट्री में शोक