Monday, Oct 19

होम = Breaking = गुजरात में टमाटर की जगह आलू से बन रहा था केचप, 10 हजार किलो से ज्यादा सामान जब्त, फैक्ट्री सील

गुजरात में टमाटर की जगह आलू से बन रहा था केचप, 10 हजार किलो से ज्यादा सामान जब्त, फैक्ट्री सील

Ahmedabad: गुजरात के अहमदाबाद में कथित मिलावटी टोमैटो केचप बनाने का मामला सामने आया है। अहमदाबाद नगर निगम (AMC) के स्वास्थ्य विभाग ने गोटा इलाके में एक फैक्ट्री पर छापा मारकर 10,630 किलोग्राम संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की है। आरोप है कि यहां टमाटर की जगह आलू के पेस्ट से केचप तैयार किया जा रहा था।

फैक्ट्री में कैसे तैयार हो रहा था केचप?

स्वास्थ्य विभाग ने मेलडी एस्टेट स्थित 'आई श्री खोडियार गृह उद्योग' पर छापेमारी की। यहां कथित तौर पर कृत्रिम रंग और फ्लेवर मिलाकर टोमैटो केचप, चटनी और सिरप बनाए जा रहे थे।

AMC के खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र पटेल के मुताबिक, आलू को पहले पेस्ट और फिर पाउडर में बदला जाता था। इसके बाद पानी, कृत्रिम रंग और फ्लेवर मिलाकर उसे टोमैटो केचप के नाम से बेचने का आरोप है।

10,630 किलो सामग्री जब्त, पांच सैंपल जांच के लिए भेजे

अधिकारियों को फैक्ट्री में लाल सॉस से भरे स्टेनलेस स्टील के बड़े बर्तन, पैक्ड केचप पाउच, कच्चे माल की बोरियां, पेस्ट वाले प्लास्टिक ड्रम और तैयार उत्पादों के कंटेनर मिले। जब्त सामग्री में करीब 5,000 किलो बिक्री के लिए तैयार उत्पाद और 5,000 किलो से अधिक कच्चा माल शामिल है। भंडारण स्थल की स्थिति की भी जांच की गई।

विभाग को आशंका है कि बिना टमाटर वाले उत्पाद टमाटर से बने बताकर बेचे जा रहे थे। कृत्रिम रंगों और फ्लेवर से स्वास्थ्य को संभावित खतरे पर भी चिंता जताई गई है।

फैक्ट्री सील, लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू

स्वास्थ्य विभाग ने पांच नमूने प्रयोगशाला भेजे हैं, ताकि सामग्री और निर्माण प्रक्रिया की पुष्टि हो सके। फैक्ट्री सील कर उत्पादों की सप्लाई रोक दी गई है। लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी शुरू हो चुकी है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई तय होगी।

दो दिन पहले भी पकड़ा गया था संदिग्ध केचप

इससे दो दिन पहले बेहरामपुरा की एक फैक्ट्री में भी इसी तरह के कथित मिलावटी केचप निर्माण का मामला सामने आया था। वहां करीब 2,000 किलो संदिग्ध सामग्री जब्त हुई थी। लगातार दूसरी कार्रवाई के बाद शहर में बिना टमाटर के केचप बनाने का मामला जांच के दायरे में है।

ये भी पढ़े: महाराष्ट्र के बीड में बस और कार की भीषण टक्कर, दर्शन करने जा रहे 5 लोगों की मौत