Beed Road Accident: महाराष्ट्र के बीड जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब 11 बजे माजलगाव तालुका के शिंदेवाडी फाटा के पास खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। यहां एसटी बस और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
तुलजापुर दर्शन करने जा रहे थे कार सवार
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार लोग तुलजापुर दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में माजलगाव शहर के गजानन नामदास समेत पांच लोगों की जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
खराब सड़क को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद माजलगाव-तेलगाव-धारूर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घटिया निर्माण के कारण पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, सड़क पर जगह-जगह खतरनाक जंप ब्रेकर और गहरी दरारें हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग, सड़क पर प्रदर्शन
ताजा दुर्घटना के बाद स्थानीय नागरिक सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है।
ये भी पढ़े: 12 साल की बच्ची के ‘फ्लाइट में बम’ वाले मजाक से मचा हड़कंप, एयरपोर्ट पर सुरक्षा अलर्ट जारी

