Air Fryer Uses: एयर फ्रायर आज ज्यादातर किचन में इस्तेमाल होने वाला एक लोकप्रिय अप्लायंस बन चुका है। कम तेल में क्रंची और स्वादिष्ट चीजें तैयार करने के लिए इसका खूब इस्तेमाल होता है। खासकर हेल्दी स्नैक्स बनाने में लोग इसे पसंद करते हैं। लेकिन एयर फ्रायर का इस्तेमाल सिर्फ नई डिश बनाने तक सीमित नहीं है। किचन में रखी कई ऐसी चीजों को भी एयर फ्रायर की मदद से दोबारा फ्रेश किया जा सकता है, जिनमें नमी आ गई हो या उनका क्रंच कम हो गया हो। खासकर बारिश के मौसम में वातावरण में नमी बढ़ने के कारण बिस्कुट, नमकीन, मसाले और ड्राई फ्रूट्स जैसी चीजें प्रभावित हो सकती हैं।
बिस्कुट और नमकीन का क्रंच लौटाएं
अगर घर में रखे बिस्कुट, कुकीज या नमकीन नमी की वजह से सील गए हैं तो उन्हें तुरंत फेंकने की जरूरत नहीं है। एयर फ्रायर में इन्हें करीब 160 डिग्री पर 3 से 4 मिनट तक गर्म किया जा सकता है। इससे इनमें दोबारा क्रंच आ सकता है और ये पहले की तरह कुरकुरे हो सकते हैं। हालांकि, अगर किसी खाद्य पदार्थ में फफूंद या खराब होने के स्पष्ट संकेत दिखाई दें तो उसे दोबारा गर्म करके खाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
समोसा-कचौरी को बिना ज्यादा तेल के करें गर्म
ठंडे समोसे और कचौरी को दोबारा गर्म करने पर अक्सर उनका स्वाद और क्रंच कम हो जाता है। पैन में गर्म करने पर कई बार इनमें अतिरिक्त तेल भी लग जाता है। ऐसे में एयर फ्रायर एक आसान विकल्प हो सकता है। समोसा या कचौरी को इसमें बिना अतिरिक्त तेल के गर्म किया जा सकता है, जिससे उनकी बाहरी परत दोबारा क्रिस्पी हो सकती है।
मसालों और नट्स की नमी करें दूर
नमी वाले मौसम में साबुत मसालों की खुशबू और ताजगी भी कम हो सकती है। तेजपत्ता, इलायची, चक्रफूल और जीरा जैसे साबुत मसालों को एयर फ्रायर में करीब 1 से 2 मिनट तक हल्का सेकने से उनमें दोबारा खुशबू आ सकती है। इसी तरह ड्राई फ्रूट्स और नट्स में अगर नमी आ गई है तो उन्हें भी थोड़ी देर एयर फ्रायर में गर्म किया जा सकता है। इससे उनकी अतिरिक्त नमी कम करने में मदद मिल सकती है।
ब्रेड और पाव को फिर से करें फ्रेश
फ्रिज में रखने या नमी के कारण ब्रेड और पाव का टेक्सचर बदल सकता है। ऐसी स्थिति में उन्हें एयर फ्रायर में 2 से 3 मिनट तक गर्म किया जा सकता है।
अगर ब्रेड या पाव ज्यादा ड्राई हो गया है तो हल्के पानी मिले ऑयल स्प्रे के साथ करीब 1 मिनट गर्म करने का तरीका अपनाया जा सकता है। इसी तरह कुलचा, पनीर टिक्का और शकरकंद जैसी चीजों को भी एयर फ्रायर में गर्म या तैयार किया जा सकता है। एयर फ्रायर का सही तरीके से इस्तेमाल सिर्फ कम तेल में खाना बनाने तक सीमित नहीं है। यह किचन में रखी कई चीजों की नमी कम करने, उन्हें दोबारा गर्म करने और उनका क्रंच लौटाने में भी उपयोगी हो सकता है।
ये भी पढ़ें: इमारतों से विमान टकराना चाहता था को-पायलट, तेल अवीव को लेकर रिपोर्ट में बड़ा दावा

