Mumbai Bomb Threat: मुंबई में बम धमाके की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। शुक्रवार को भेजे गए एक ईमेल में मुंबई मेयर कार्यालय, एक्टर अमिताभ बच्चन का बंगला और एक स्कूल को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ईमेल में मेयर कार्यालय में दोपहर 3:11 बजे और स्कूल में दोपहर 1:11 बजे धमाके की बात कही गई है। सुबह 11:31 बजे भेजे गए इस ईमेल में मुंबई की मेयर रितु राजेश तावड़े समेत कई जनप्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बीएमसी मुख्यालय में चप्पे-चप्पे की तलाशी
बम धमाके की धमकी के बाद मुंबई पुलिस और बीएमसी सुरक्षा विभाग की टीमें मुख्यालय में तलाशी अभियान चला रही हैं। मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यालयों समेत अलग-अलग कमरों और चैंबरों की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं। तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही मामले में आगे की जानकारी सामने आ सकेगी।
अमिताभ के घर और दिलजीत के कार्यक्रम को धमकी
ईमेल में 31 अक्टूबर को बांद्रा स्थित अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ पर ग्रेनेड हमले की धमकी दी गई है। इसमें 1984 के सिख नरसंहार का हवाला देते हुए ‘खून का बदला खून’ जैसी बात लिखी गई है। वहीं, 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को निशाना बनाने और वहां बम धमाके की धमकी दी गई है। ईमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा का नाम भी शामिल है।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र के बीड में बस और कार की भीषण टक्कर, दर्शन करने जा रहे 5 लोगों की मौत

