Saturday, Oct 03

होम = News Top = अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार

अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार

Mad Sandhu Murder Case: अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात लोहारका रोड इलाके में शाम करीब 6 बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने मैड संधू पर अचानक कई गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।

गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एडीसीपी वेनिला ने बताया कि पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं और आरोपियों से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

राजकुमार वेरका ने सरकार पर साधा निशाना

घटना के बाद कांग्रेस नेता डॉ. राजकुमार वेरका ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अमृतसर में दिनदहाड़े फायरिंग और हत्याओं से लोगों में डर का माहौल है। वेरका ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है। उन्होंने कहा कि एक ओर युवा नशे से जान गंवा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर खुलेआम हत्याएं हो रही हैं, जबकि सरकार विज्ञापनों और होर्डिंग्स के जरिए स्थिति सामान्य होने का दावा कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल से राज्य की स्थिति की जिम्मेदारी लेने और जनता से माफी मांगने की मांग की। पुलिस फिलहाल हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

ये भी पढ़े: पंजाब चुनाव से पहले सुखवीर मैसरखाना पर गिरी गाज, AAP ने पार्टी से किया निष्कासित; झूठी अफवाह फैलाने का आरोप