AMU Student Protest: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर चल रहा प्रदर्शन 13वें दिन भी जारी रहा। इस बीच पूर्व छात्र आरिज खान की गिरफ्तारी और हॉस्टल से चार युवकों को पूछताछ के लिए ले जाने के बाद छात्रों का गुस्सा बढ़ गया। विरोध में छात्रों ने शनिवार देर रात विश्वविद्यालय के चार प्रमुख गेटों पर ताले लगा दिए। हालांकि, प्रॉक्टोरियल टीम ने ताले तोड़कर गेट खुलवा दिए।
चार युवकों को ले जाने के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस और प्रॉक्टोरियल टीम शनिवार देर रात एमएम हॉल के अमीन हॉस्टल पहुंची और चार युवकों को पूछताछ के लिए प्रॉक्टर कार्यालय ले गई। जांच में तीन युवकों के बोनाफाइड छात्र होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं, चौथे युवक आरिज खान के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में दो मुकदमे सामने आने के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
आरिज की गिरफ्तारी के विरोध में छात्र प्रॉक्टर कार्यालय पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। रात करीब ढाई बजे प्रॉक्टोरियल टीम ने छात्रों की ओर से लगाए गए तालों को तोड़कर गेट खुलवा दिए और अपने ताले लगा दिए। हालांकि, सेंटेनरी गेट का ताला नहीं खुल सका था।
छात्रसंघ चुनाव की बहाली है मुख्य मांग
AMU में प्रदर्शन की सबसे बड़ी वजह छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग है। विश्वविद्यालय में आखिरी बार 2018-19 सत्र में चुनाव हुए थे। इसके बाद से चुनाव नहीं कराए गए। छात्र लगातार चुनाव की तारीख घोषित करने और छात्रसंघ बहाल करने की मांग कर रहे हैं।
इस मामले को लेकर 2024 और 2025 में इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी याचिकाएं दाखिल की गई थीं। छात्रों का कहना है कि चुनाव नहीं होने से उन्हें अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार नहीं मिल पा रहा है।
भूख हड़ताल पर बैठे हैं छात्र
छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर एमए उर्दू के छात्र यासिर फहद 21 सितंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं, प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद खान ने कहा कि चार युवकों को ले जाने की कार्रवाई चुनावी प्रदर्शन के कारण नहीं, बल्कि हॉस्टल में पहले हुई मारपीट से जुड़े लोगों की तलाश के आधार पर की गई थी।
फिलहाल, चुनाव की मांग और आरिज खान की गिरफ्तारी को लेकर छात्रों का विरोध जारी है। वहीं, गेटों पर हुई कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: सोना खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर, एक हफ्ते में ₹3,500 गिरा भाव; जानें 24 और 22 कैरेट का रेट

