Saturday, Oct 03

होम = Breaking = एशियन गेम्स में भारत का हॉकी में गोल्डन पंच, मलेशिया को 5-1 से हराया

एशियन गेम्स में भारत का हॉकी में गोल्डन पंच, मलेशिया को 5-1 से हराया

Asian Games 2026 Hockey Final: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। 3 अक्टूबर को काकामिगाहारा के गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराया। इस जीत के साथ भारत ने LA 2028 ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया।

भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 11वें और 57वें मिनट में दो गोल किए। जुगराज सिंह (23वें), हार्दिक सिंह (42वें) और शिलानंद लाकड़ा (54वें मिनट) ने एक-एक गोल दागा। मलेशिया का एकमात्र गोल 14वें मिनट में शेल्लो सिल्वरियस ने किया।

हर क्वार्टर में दिखा भारत का दबदबा

पहले क्वार्टर में भारत को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, जिसमें एक को हरमनप्रीत ने गोल में बदला। मलेशिया ने भी दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। दूसरे क्वार्टर में जुगराज ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर में हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया। चौथे क्वार्टर में शिलानंद और हरमनप्रीत ने गोल कर स्कोर 5-1 कर दिया। इस क्वार्टर में भारत को सात पेनल्टी कॉर्नर मिले।

पांचवीं बार हॉकी में एशियन गेम्स गोल्ड

भारत ने एशियन गेम्स में पांचवीं बार हॉकी गोल्ड जीता है। इससे पहले 1996, 1998, 2014 और 2022 में टीम चैंपियन बनी थी। पहली बार भारत ने अपने गोल्ड मेडल का बचाव किया है। भारत ने 9 बार सिल्वर (1958, 1962, 1970, 1974, 1978, 1982, 1990, 1994, 2002) और 3 बार ब्रॉन्ज (1986, 2010, 2018) जीता है।

भारतीय टीम: मोहित एचएस, सूरज करकेरा, जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच, राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा, विवेक सागर प्रसाद, दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह और अभिषेक।

ये भी पढ़े: बॉन्ड यील्ड ने बढ़ाई दुनिया की टेंशन, 20 साल बाद फिर मंडराया बड़ा आर्थिक खतरा