Barabanki: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में जहरीले नाग के साथ करतब दिखाना पिता-पुत्र के लिए जानलेवा साबित हुआ। पूजा पंडाल में सांप के दांत तोड़ने का प्रदर्शन कर रहे 26 वर्षीय नौमीलाल को नाग ने डस लिया। बेटे को बचाने पहुंचे पिता महेश भी सांप के काटने का शिकार हो गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना सतरिख थाना क्षेत्र के मुनक्कीपुरवा गांव की है।
पूजा पंडाल में नाग के साथ दिखा रहे थे करतब
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात मुनक्कीपुरवा गांव के पूजा पंडाल में बाग से पकड़कर लाए गए जहरीले काले नाग का प्रदर्शन किया जा रहा था। नौमीलाल लोगों के सामने सांप के जहरीले दांत तोड़ने की कोशिश कर रहा था।
इसी दौरान उसकी पकड़ ढीली पड़ गई और नाग ने उसके पैर में डस लिया। बेटे को बचाने के लिए महेश तुरंत आगे बढ़े और सांप को पकड़ने लगे, लेकिन नाग ने उनके पैर में भी काट लिया।
20 वायल एंटी-स्नेक वेनम देने के बावजूद नहीं बची जान
घटना के बाद दोनों को बाराबंकी जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। अस्पताल के सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य के मुताबिक, नौमीलाल की हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों ने उसे एंटी-स्नेक वेनम की 20 वायल दीं, लेकिन स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ।
सांप के जहर का असर बढ़ने से नौमीलाल की आंखों की रोशनी चली गई और गला रुंधने के कारण उसे बोलने में भी परेशानी होने लगी। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पिता महेश ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घर में दो बोरियों में रखे थे करीब 24 सांप
बताया जा रहा है कि महेश और नौमीलाल को सांप पकड़ने और उनके साथ करतब दिखाने का शौक था। नौमीलाल सपेरे की तरह घूमकर लोगों के घरों से भी सांप पकड़ता था। परिजनों के मुताबिक, पिता-पुत्र पकड़े गए सांपों को घर में रखते थे। उनके घर में दो बोरियों में करीब दो दर्जन सांप रखे हुए थे।
एक करतब ने उजाड़ दिया परिवार
पूजा पंडाल में लोगों के मनोरंजन के लिए शुरू हुआ सांप का प्रदर्शन कुछ ही मिनटों में दर्दनाक हादसे में बदल गया। बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी जहरीले नाग का शिकार हो गए। इस घटना ने सांपों के साथ असुरक्षित तरीके से करतब दिखाने के गंभीर खतरों को उजागर किया है।
ये भी पढ़े: दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने दूसरी बेटी का नाम रखा ‘देवी’

