Barapullah Phase III Traffic: 12 साल की देरी के बाद 29 सितंबर को शुरू हुआ दिल्ली का बहुप्रतीक्षित बारापुल्ला फेज-3 फ्लाईओवर उद्घाटन के कुछ ही दिनों में ट्रैफिक जाम की बड़ी वजह बन गया है। मयूर विहार को सराय काले खां और आगे AIIMS से जोड़ने वाले इस कॉरिडोर से ईस्ट और सेंट्रल दिल्ली के बीच सफर करीब 20 मिनट में पूरा होने की उम्मीद थी, लेकिन यात्रियों को कई बार एक घंटे से ज्यादा समय लग रहा है।
दो जगह तीन लेन से तीन लेन में हो रहा मर्जर
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, समस्या की प्रमुख वजह सड़क का डिजाइन है। मयूर विहार से AIIMS की ओर जाते समय दो जगह तीन-तीन लेन वाले रास्ते मिलकर सिर्फ तीन लेन की सड़क में बदल जाते हैं। इससे दोनों स्थानों पर बड़े bottleneck बन रहे हैं और ट्रैफिक लगभग रेंगने लगता है। 1 अक्टूबर को ट्रैफिक पुलिस और PWD ने संयुक्त निरीक्षण किया। ड्रोन सर्वे में भी सीमित सड़क चौड़ाई में कई दिशाओं से ट्रैफिक के आने की बात सामने आई। सराय काले खां के सुंदर पार्क के पास नया फ्लाईओवर मौजूदा बारापुल्ला कॉरिडोर से मिलता है, जहां एक और तीन लेन वाली सड़क का ट्रैफिक जुड़ता है। आगे आश्रम और DND की ओर से आने वाला तीन लेन का ट्रैफिक भी इसी कॉरिडोर में शामिल होता है।
Google Maps पर ट्रैफिक डेटा नहीं दिखा
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नई सड़क पर जाम की जानकारी Google Maps पर सही तरीके से अपडेट नहीं होने से समस्या और बढ़ी। ऐप पर ट्रैफिक स्थिति स्पष्ट नहीं दिखने के कारण वाहन चालक लगातार इस रास्ते का इस्तेमाल करते रहे और bottleneck तक वाहनों का दबाव बढ़ता गया। Google के सपोर्ट फोरम के अनुसार, नई सड़कों के लिए सर्च और नेविगेशन फीचर को स्थिर होने में करीब एक सप्ताह लग सकता है। फिलहाल पुलिस ने ट्रैफिक को फेज-3 से NH-24/DND की ओर डायवर्ट कर वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।
फ्लाईओवर की ज्योमेट्री भी बनी समस्या
पुलिस के मुताबिक सुंदर पार्क के पास नया फ्लाईओवर मौजूदा मार्ग से जुड़ते समय स्मूद कर्व के बजाय अपेक्षाकृत शार्प/रेक्टेंगुलर एलाइनमेंट में आता है। इससे ट्रैफिक का मर्जर अचानक होता है। ट्रैफिक पुलिस ने PWD से इस मर्जर को दोबारा डिजाइन करने को कहा है।
करीब 1,635 करोड़ रुपये की संशोधित लागत वाले इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट फ्लाईवे और अक्षरधाम पर दबाव कम करना था। 3.5 किमी लंबा चार लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर मयूर विहार फेज-1 को सराय काले खां से जोड़ता है और मौजूदा बारापुल्ला नेटवर्क के साथ करीब 10 किमी का सिग्नल-फ्री रूट बनाता है। सफदरजंग अस्पताल से सराय काले खां के करीब 8 किमी सफर में अब एक घंटे से अधिक लग रहा है, जबकि AIIMS तक यात्रा 35–40 मिनट से घटकर करीब 15 मिनट होने की उम्मीद थी।
ये भी पढ़े: राजपाल यादव ने चुकाए 1.15 करोड़, कोर्ट में बोले- ‘मैं खुद ड्रामा बन गया हूं’

