Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: चेक बाउंस मामलों में घिरे बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने कर्ज की रकम चुकाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। राजपाल यादव बुधवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंचे और 1.15 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट पेश किया। उन्होंने बाकी 85 लाख रुपये जमा करने के लिए 13 अक्टूबर तक का समय मांगा। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें दो हफ्ते की मोहलत दी है।
कोर्ट में छलका राजपाल यादव का दर्द
सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने राजपाल से मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी फिल्मों की तरह उनका पैसा भी ‘अता-पता लापता’ है। इस पर राजपाल ने कहा कि लोगों का मनोरंजन करते-करते वह खुद ‘ड्रामा’ बन गए हैं।
उन्होंने बताया कि एक फिल्म में उन्हें करीब 17 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और पिछले 13 साल से फिल्म रिलीज नहीं हो सकी। उनके मुताबिक, स्टे ऑर्डर के कारण प्रोजेक्ट रुका रहा और 5 करोड़ रुपये के विवाद में उनका करीब 22 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। राजपाल ने कहा कि अब उन्हें दोबारा काम मिलने लगा है और वह पूरा पैसा चुका देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वह करीब 200 फिल्मों में काम कर चुके हैं। CJI ने उन्हें अच्छी फिल्में बनाने और लोगों का मनोरंजन करने की सलाह दी।
क्या है पूरा मामला?
मामला मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े चेक बाउंस मामलों का है। दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल यादव को दोषी ठहराते हुए प्रत्येक मामले में तीन महीने की सजा सुनाई थी। पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने रकम जमा न करने पर नाराजगी जताई थी। कोर्ट ने कहा था कि शिकायतकर्ता को कुछ रकम वापस दिलाने की उम्मीद में राजपाल के तौर-तरीकों को नजरअंदाज किया जा रहा है, वरना उनकी सजा के खिलाफ अपील खारिज की जा सकती थी। कोर्ट ने उन्हें 2 करोड़ रुपये जमा करने के लिए एक दिन का समय देते हुए इसे आखिरी मौका बताया था।
ये भी पढ़े: PM मोदी ने दिया ‘We Will Do It’ का नारा, 2047 तक विकसित भारत समेत रखे 3 बड़े लक्ष्य

