Bengaluru: बेंगलुरु में 38 वर्षीय अभिनंदन और उसके 5 साल के बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने पत्नी हरिणी और उसके प्रेमी विनय कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने हत्या की पहले से योजना बनाई थी और वारदात तब की, जब पिता-पुत्र सो गए थे। पुलिस के मुताबिक, अभिनंदन और उसका बेटा टीवी पर Bigg Boss देख रहे थे, जबकि हरिणी बरामदे में टहलते हुए उनकी हत्या की योजना बना रही थी।
तलाक चाहती थी हरिणी, Snapchat से शुरू हुआ प्रेम संबंध
पुलिस के मुताबिक, हरिणी पति को तलाक देकर विनय के साथ रहना चाहती थी और मानती थी कि अभिनंदन उनके रिश्ते में बाधा है। 2021 में हुई शादी के बाद से दंपति के रिश्तों में तनाव था और करीब दो साल से दोनों अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। दिसंबर 2024 में हरिणी और विनय की मुलाकात Snapchat के जरिए हुई थी, जिसके बाद उनका संबंध बढ़ा। अभिनंदन को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से बात करने का शक था। करीब 15 दिन पहले उसने पुलिस से पत्नी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड मांगे थे। इस मुद्दे पर दोनों में अक्सर झगड़े होते थे।
14 अगस्त के झगड़े के बाद बनाया हत्या का प्लान
पुलिस को शक है कि 14 अगस्त के एक झगड़े के बाद हत्या की अंतिम योजना बनी। इस दौरान अभिनंदन ने कथित तौर पर हरिणी के साथ मारपीट की थी। अगले दिन वह उसे मायके छोड़कर अपनी मां से मिलने चला गया। रविवार शाम वह हरिणी को लेकर घर लौटा। पुलिस के अनुसार, इससे पहले हरिणी ने विनय से बात कर हत्या की योजना पक्की कर ली थी। डीसीपी नॉर्थ वेस्ट नागेश ने बताया कि दोनों ने पहले ही दो जोड़ी दस्ताने खरीदे थे। पुलिस को संदेह है कि रविवार को हत्या से पहले घर के CCTV कैमरे बंद कर दिए गए थे।
आधी रात को पति की हत्या, जागने पर बेटे को भी मार डाला
रविवार रात करीब 11 बजे विनय घर पहुंचा। हरिणी ने उसे पहले गैरेज के पास रास्ते में छिपाया और फिर कमरे में बुलाया। करीब 11:30 बजे अभिनंदन के सोने के बाद उसने तीन बार यह सुनिश्चित किया कि वह सो चुका है। रात करीब 12:30 बजे दोनों ने दस्ताने पहने और अभिनंदन के पास पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, विनय ने गला दबाकर उसकी हत्या की, जबकि हरिणी ने उसके पैर पकड़े। इस दौरान शोर से बच्चा जाग गया। पुलिस के अनुसार, हरिणी ने पूछताछ में बेटे की हत्या की बात भी कबूल की है। विनय ने भी अपनी भूमिका स्वीकार की है।
सुबह हरिणी ने खुद पुलिस को दी सूचना
सोमवार सुबह हरिणी ने पुलिस को फोन कर बताया कि पति और बेटा कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। पुलिस घर पहुंची तो दोनों मृत मिले। अभिनंदन के शरीर पर चोट के निशान देखकर पुलिस को शुरू में ही हत्या का शक हुआ। हरिणी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। शुरुआत में वह जवाब देने से बचती रही, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने विनय और हत्या की साजिश का खुलासा कर दिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
ये भी पढ़े: इमरान खान को इलाज के लिए निजी अस्पताल भेजने का आदेश, 48 घंटे में शिफा इंटरनेशनल में होंगे भर्ती

