Tuesday, Oct 20

होम = Breaking = बिहार में देर रात डबल शूटिंग, दारोगा के एक बेटे की मौत; दूसरा जिंदगी की जंग लड़ रहा

बिहार में देर रात डबल शूटिंग, दारोगा के एक बेटे की मौत; दूसरा जिंदगी की जंग लड़ रहा

Bihar Gaya Double Shooting: बिहार के गया में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दारोगा के दो बेटों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोली लगने से छोटे बेटे रानू शेखर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई मोनू शेखर घायल हो गया। उसका मगध मेडिकल अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, किसी बात का विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों भाइयों को निशाना बनाया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

विवाद के बाद दोनों भाइयों पर चलाईं गोलियां

पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने रानू शेखर और मोनू शेखर पर कई राउंड फायरिंग कर दी। दोनों भाइयों को एक-एक गोली लगी, जिससे रानू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। घायल मोनू को इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं और मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। रानू और मोनू के पिता सुधांशु शेखर मोतिहारी जिले में दारोगा के पद पर तैनात हैं। परिवार गया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में रहता है, जबकि उनका पैतृक गांव अतरी थाना क्षेत्र का जेठियन है। एक ही परिवार के दो बेटों को गोली मारे जाने से इलाके में दहशत है।

ये भी पढ़ें: ‘भगवान श्रीराम ने मोदी जी से पूछा- हमें घर कब दोगे?’ बिहार CM के बयान पर बढ़ा विवाद