Bimol Akoijam Sexual Harassment Case: मणिपुर से कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजाम के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर विवाद बढ़ गया है। BJP की महिला सांसदों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात कर उनकी संसद सदस्यता समाप्त करने की मांग करेगा। एक BJP नेता के मुताबिक, मुलाकात दोपहर 1:30 बजे निर्धारित है।
JNU ने प्रोफेसर पद से हटाया
पिछले सप्ताह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) ने अकोइजाम को तत्काल प्रभाव से प्रोफेसर पद से बर्खास्त कर दिया था। विश्वविद्यालय के अनुसार, POSH अधिनियम के तहत गठित आंतरिक शिकायत समिति (ICC) ने 11 छात्राओं की शिकायतों की जांच के बाद उन्हें यौन दुर्व्यवहार का दोषी पाया। हालांकि, अकोइजाम ने आरोपों से इनकार करते हुए जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया मामला
JNU के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की 11 अक्टूबर की शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने सांसद के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया। छात्राओं ने कथित तौर पर आरोप लगाया कि अकोइजाम शैक्षणिक बैठकों के बहाने उन्हें देर रात तक अपने आवास पर बुलाते थे। उन पर बिना सहमति शारीरिक नजदीकी बनाने और अनुचित टिप्पणियां करने के भी आरोप हैं।
कांग्रेस से कार्रवाई की मांग
BJP ने कांग्रेस पर सांसद को बचाने का आरोप लगाते हुए उन्हें पार्टी से निकालने की मांग की है। वहीं, JNU शिक्षक संघ (JNUTA) ने रविवार को बर्खास्तगी को जल्दबाजी में लिया गया फैसला बताया।

