Alcohol Liver Damage Recovery: आजकल बाजार में कई हर्बल ड्रिंक्स और डिटॉक्स डाइट्स शरीर से विषैले पदार्थ बाहर निकालने और लिवर को साफ करने का दावा करती हैं। कुछ उत्पाद तो लंबे समय तक शराब पीने से हुए लिवर डैमेज को ठीक करने का भी दावा करते हैं। लेकिन क्या ये वास्तव में असरदार और सुरक्षित हैं?
राजकोट के स्टर्लिंग अस्पताल में कंसल्टेंट GI, HPB और बैरिएट्रिक सर्जन डॉ. आदित्य (भीमसी) कंडोरिया ने बताया कि लिवर की रिकवरी उसकी स्थिति और शराब छोड़ने के समय पर निर्भर करती है, न कि डिटॉक्स उत्पादों पर।
शराब पीने से लिवर को कैसे नुकसान होता है?
डॉक्टर के अनुसार, शराब शरीर में पहुंचने के बाद लिवर उसे तोड़कर एसीटैल्डिहाइड जैसे हानिकारक पदार्थ बनाता है। ये पदार्थ लिवर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकते हैं। लगातार शराब पीने से लिवर में सूजन, फैट जमा होने और धीरे-धीरे स्कार टिश्यू बनने की समस्या हो सकती है। लंबे समय तक शराब का सेवन नुकसान का खतरा बढ़ाता है।
क्या शराब से खराब हुआ लिवर दोबारा ठीक हो सकता है?
डॉ. कंडोरिया के मुताबिक, शुरुआती चरण में अल्कोहल से होने वाला फैटी लिवर शराब छोड़ने के बाद पूरी तरह ठीक हो सकता है।
हालांकि, शराब पीना जारी रखने से अल्कोहल से संबंधित हेपेटाइटिस हो सकता है। इसमें लिवर में सूजन के साथ थकान, मतली, भूख कम लगना और त्वचा पीली पड़ने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
कब स्थायी हो जाता है लिवर डैमेज?
लगातार सूजन से लिवर में फाइब्रोसिस विकसित हो सकता है, जिसमें स्वस्थ कोशिकाओं की जगह स्कार टिश्यू बनने लगता है। यह स्थिति आगे चलकर सिरोसिस में बदल सकती है। सिरोसिस होने पर लिवर को स्थायी नुकसान पहुंच सकता है और उसकी कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है।
क्या डिटॉक्स ड्रिंक्स लिवर को ठीक कर सकते हैं?
डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि डिटॉक्स ड्रिंक्स या क्लींजिंग डाइट से शराब के कारण खराब हुए लिवर को तेजी से ठीक करने का दावा गलत है। इसके अलावा, कुछ व्यावसायिक डिटॉक्स उत्पादों और हर्बल सप्लीमेंट्स में ऐसे तत्व हो सकते हैं, जो उल्टा लिवर को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
लिवर को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?
विशेषज्ञ के अनुसार, लिवर की रिकवरी के लिए सबसे जरूरी कदम शराब छोड़ना है। इसके साथ प्रोटीन, फल, सब्जियां, साबुत अनाज और हेल्दी फैट से भरपूर संतुलित आहार लेना चाहिए।
वजन, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित रखना भी जरूरी है। जो लोग लंबे समय से अत्यधिक शराब पी रहे हैं या शराब पर निर्भर हैं, उन्हें इसे छोड़ने के लिए डॉक्टर की मदद लेनी चाहिए, क्योंकि अचानक शराब बंद करने से गंभीर विड्रॉल लक्षण हो सकते हैं।
डॉक्टर की सलाह है कि लिवर को स्वस्थ रखने के लिए डिटॉक्स उत्पादों के बड़े-बड़े दावों पर भरोसा करने के बजाय सही जीवनशैली और चिकित्सकीय सलाह को प्राथमिकता दें।
ये भी पढ़े: सुरक्षा चिंताओं के चलते दिल्ली पुलिस ने दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को नहीं दी अनुमति

