Tuesday, Oct 06

होम = लाइफस्टाइल = जहां ज्यादा बिल्लियां, वहां ज्यादा लोग रहते हैं खुशहाल? रिसर्च में 93 देशों से जुटाया गया डेटा

जहां ज्यादा बिल्लियां, वहां ज्यादा लोग रहते हैं खुशहाल? रिसर्च में 93 देशों से जुटाया गया डेटा

Cats and Happiness Study: बिल्ली की मौजूदगी घर का माहौल खुशनुमा बना देती है। लेकिन क्या वास्तव में इसका असर इंसान के जीवन पर भी पड़ता है? एक नए अध्ययन में देशों के स्तर पर बिल्लियों की संख्या और लोगों की खुशी के बीच दिलचस्प संबंध सामने आया है। रिसर्च के मुताबिक, जिन देशों में बिल्लियां ज्यादा पाई जाती हैं, वहां लोगों के खुश रहने का स्तर भी अधिक देखा गया। यानी घर में बिल्ली पालने का शौक सिर्फ पालतू जानवर रखने तक सीमित नहीं, बल्कि खुशहाल जीवन से भी जुड़ा हो सकता है।

93 देशों के आंकड़ों पर हुई रिसर्च

ये रिसर्च स्टडी रिपोर्ट PLOS One में प्रकाशित हुई ह। रिसर्चरों की टीम ने 93 देशों से जुटाए गए आंकड़ों का विश्लेषण किया। टीम ने देशों में लोगों के खुशी के स्तर, पालतू बिल्लियों की संख्या और ‘टॉक्सोप्लाज्मा गोंडी’ संक्रमण के बीच संभावित संबंध को समझने की कोशिश की। यह एक परजीवी है, जिसके मुख्य होस्ट बिल्लियां मानी जाती हैं और इंसानों में भी इसका संक्रमण पाया जाता है। शोधकर्ताओं ने इन अलग-अलग आंकड़ों की तुलना कर यह देखा कि बिल्लियों की मौजूदगी और लोगों की खुशहाली के बीच कोई पैटर्न नजर आता है या नहीं।

बिल्लियों की मौजूदगी और खुशी के बीच दिखा संबंध

स्टडी रिपोर्ट के मुताबिक, जिन देशों में बिल्लियों की संख्या ज्यादा थी, वहां लोगों ने खुद को ज्यादा खुश बताया। वहीं, जिन देशों में ‘टॉक्सोप्लाज्मा गोंडी’ के संपर्क की दर अधिक थी, वहां खुशी का स्तर अपेक्षाकृत कम पाया गया। शोधकर्ताओं ने बताया कि यह परजीवी आम तौर पर ज्यादातर लोगों में गंभीर समस्या पैदा नहीं करता और कई मामलों में इसके लक्षण भी दिखाई नहीं देते।

अमीर देशों में बिल्लियों की बेहतर देखभाल

स्टडी में खुशहाली के साथ आर्थिक स्थिति का भी संबंध सामने आया। रिपोर्ट के मुताबिक, समृद्ध देशों में बिल्लियां अक्सर घरों में रहती हैं, उन्हें बेहतर भोजन मिलता है और जरूरत पड़ने पर पशु चिकित्सकों से इलाज भी कराया जाता है। हालांकि, अध्ययन से यह संबंध सामने आया है, लेकिन इससे यह सीधे साबित नहीं होता कि बिल्ली पालना ही इंसान की खुशी बढ़ाने की वजह है।

ये भी पढ़ें: पालतू जानवरों को खुला छोड़ना पड़ेगा भारी, चेन्नई में 25 हजार रुपये का जुर्माना