Saturday, Oct 24

होम = Breaking = दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल के विवाद में CM धामी की पहल, सिंगर मीका से की बात

दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल के विवाद में CM धामी की पहल, सिंगर मीका से की बात

Daler Mehndi Controversy: उत्तराखंड में गायक दलेर मेहंदी और राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद को सुलझाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहल की है। उन्होंने दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह से बात की है। दरअसल, सिद्धपीठ मां कुंजापुरी मेले के दौरान मंच पर दलेर मेहंदी को सार्वजनिक रूप से टोकने के बाद विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद मीका सिंह ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने और मंत्री से माफी दिलाने की अपील की थी।

धामी ने बातचीत से गलतफहमी दूर करने पर दिया जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि उन्होंने गायक मीका सिंह से फोन पर बात की है। इस दौरान दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद पर चर्चा हुई। धामी ने कहा कि किसी भी गलतफहमी को आपसी बातचीत और सौहार्द के साथ सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में ‘अतिथि देवो भव:’ की परंपरा का पालन किया जाता है और राज्य में कलाकारों का हमेशा स्वागत व सम्मान होता है।

दलेर मेहंदी से भी बात करेंगे CM धामी

इससे पहले देहरादून में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा था कि वह दलेर मेहंदी से भी बात करेंगे। उन्होंने दलेर मेहंदी और मीका सिंह दोनों को अपना मित्र बताया। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए धामी ने कहा कि उस समय मंत्री सुबोध उनियाल पर जनता का दबाव रहा होगा। उन्होंने यह भी बताया कि मंत्री खुद कह चुके हैं कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी।

मीका सिंह ने की मंत्री से माफी मांगने की अपील

इस घटना की मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने निंदा की और कलाकारों के सम्मान का मुद्दा उठाया। गायक मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मंत्री सुबोध उनियाल से अपने भाई दलेर मेहंदी से माफी मांगने की अपील की। मीका के मुताबिक, गायिका सुनंदा शर्मा के बीमार होने के बावजूद दलेर मेहंदी उनकी जगह मंच पर पहुंचे थे। ऐसे में उन पर शराब पीने का आरोप लगना बेहद दुखद है। मीका ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा कि कलाकारों को पूरा सम्मान मिलना चाहिए।

ये भी पढ़ें: दलेर मेहंदी पर नशे में परफॉर्म करने का आरोप, मीका बोले- साबित हुआ तो सिंगिंग छोड़ दूंगा