Wednesday, Oct 07

होम = Cover Story Big = दिल्ली के 5 स्टार होटल में नगालैंड की युवती से बदसलूकी, मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

दिल्ली के 5 स्टार होटल में नगालैंड की युवती से बदसलूकी, मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Chanakyapuri Hotel Assault Case: दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में एक फाइव स्टार होटल की पार्किंग में नगालैंड की युवती से कथित बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती को जबरन मर्सिडीज कार में खींचने की कोशिश की गई। विरोध करने पर उसके दोस्तों के साथ भी कथित तौर पर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से मारपीट की गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

वॉशरूम से लौटते वक्त युवती को रोकने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, घटना बीते रविवार तड़के करीब 3:30 बजे की है। महिला अपने एक दोस्त के साथ होटल गई थी। दोनों वॉशरूम से लौट रहे थे, तभी सफेद रंग की मर्सिडीज में सवार तीन आरोपी कथित तौर पर उनके पास पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने महिला को रोककर जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। यह देख महिला के दोस्तों आयुष, उद्भव और समर्थ ने हस्तक्षेप किया और आरोपियों का विरोध किया।

हॉकी स्टिक और रॉड से हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि विरोध करने पर आरोपियों ने आयुष, उद्भव और समर्थ पर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से हमला किया। इस हमले में आयुष के दांतों में चोट आई, जबकि अन्य दोनों युवकों के साथ भी मारपीट की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी कार लेकर फरार हो चुके थे। शिकायतकर्ता ने कार का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया था। इसी आधार पर पुलिस ने जांच करते हुए दिव्यांशु, गौरव और मोहित की पहचान की और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

चाणक्यपुरी थाने में महिला की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। महिला को मेडिकल जांच के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। साथ ही घायलों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चोटों की गंभीरता का भी आकलन किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR से यूपी तक फैला ड्रग्स नेटवर्क, लखनऊ की फैक्ट्री से 6.275 किलो हेरोइन बरामद