Lucknow Heroin Drug Network: दिल्ली पुलिस ने दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर प्रदेश तक फैले कथित इंटरस्टेट हेरोइन सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। रोहिणी जिले की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान लखनऊ में हेरोइन बनाने की एक अवैध फैक्ट्री का भी पता चला। पुलिस ने फैक्ट्री पर छापा मारकर 6.275 किलो तैयार हेरोइन बरामद की। इसके अलावा अलग-अलग कार्रवाई में कुल 7.076 किलो हेरोइन बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
लखनऊ की फैक्ट्री से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद
दिल्ली पुलिस की जांच में लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में कथित अवैध हेरोइन फैक्ट्री का पता चला। पुलिस ने यहां छापेमारी कर बबलू नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। फैक्ट्री से तैयार हेरोइन के अलावा इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में 2.504 किलो सोडियम और 787 ग्राम एसीटिक एनहाइड्राइड भी मिला है। बरामद ड्रग्स, केमिकल और अन्य सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
120 किलोमीटर पीछा कर बरेली से पकड़ा आरोपी
लखनऊ में कार्रवाई के बाद पुलिस ने नेटवर्क के कथित मुख्य सप्लायर और फैक्ट्री मालिक रुकसार अली उर्फ राजू की तलाश शुरू की। पुलिस ने उसका करीब 120 किलोमीटर तक पीछा किया और आखिरकार उसे बरेली से गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले रोहिणी पुलिस ने अनिल उर्फ भोला को दिल्ली के बेगमपुर इलाके से गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा उत्तर प्रदेश तक बढ़ाया।
पूछताछ से खुलती गई ड्रग्स सप्लाई की कड़ी
पुलिस के मुताबिक, अनिल से पूछताछ के दौरान लखनऊ में चल रही कथित अवैध हेरोइन फैक्ट्री और बरेली से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने लखनऊ और बरेली में कार्रवाई की। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ड्रग्स की सप्लाई चेन और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पूछताछ के आधार पर पुलिस इस मामले से जुड़े दूसरे आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
ये भी पढ़ें: इमारतों से विमान टकराना चाहता था को-पायलट, तेल अवीव को लेकर रिपोर्ट में बड़ा दावा

