Friday, Oct 09

होम = News Latest = दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को मंजूरी नहीं, 57 मेट्रो स्टेशन बंद रखने की तैयारी; कई ट्रेनें रद्द

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को मंजूरी नहीं, 57 मेट्रो स्टेशन बंद रखने की तैयारी; कई ट्रेनें रद्द

CJP Jantar Mantar Protest: दिल्ली पुलिस ने SIR विवाद को लेकर कॉकroach जनता पार्टी (CJP) के शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। संभावित भीड़ और जाम को देखते हुए पुलिस ने दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों के प्रवेश-निकास द्वार बंद रखने को कहा है। रेलवे ने भी कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द करने का फैसला लिया है।

10 दिन पहले आवेदन जरूरी, पुलिस की चेतावनी

पुलिस आयुक्त नूपुर प्रसाद के अनुसार, CJP के सौरव दास ने बुधवार को अनुमति के लिए आवेदन दिया, जबकि नियमों के तहत कम से कम 10 दिन पहले आवेदन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पार्टी पहले भी प्रदर्शन संबंधी दिशानिर्देशों का पालन नहीं कर चुकी है। नियम तोड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुंबई में 3 अक्टूबर और बेंगलुरु में गुरुवार को प्रदर्शन के बाद जंतर-मंतर पर यह पार्टी का तीसरा प्रदर्शन होता।

SIR रिपोर्ट पर विवाद

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि पिछले 10 महीनों में दो चुनाव आयुक्तों ने SIR प्रक्रिया पर 14 बार आपत्ति जताई। चुनाव आयोग ने इसका खंडन करते हुए कहा कि चर्चाओं में अलग-अलग विचार सामान्य हैं और सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए। इससे पहले CJP ने 20 जुलाई को NEET पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। 36 दिन चले आंदोलन के बाद तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया था।

57 मेट्रो स्टेशन और ट्रेनें प्रभावित

पुलिस ने DMRC से शुक्रवार रात 9 बजे से 57 स्टेशनों के प्रवेश-निकास द्वार बंद रखने और शनिवार को स्थिति सामान्य होने तक बंद रखने को कहा है। 8 अक्टूबर के पत्र में संयुक्त पुलिस आयुक्त राजनीश गुप्ता ने संवेदनशील इलाकों की ओर अनियंत्रित भीड़ बढ़ने की आशंका जताई और मेट्रो की फ्रीक्वेंसी घटाने की संभावना भी बताई।

रेलवे ने खुफिया सूचनाओं और जाम की चेतावनी के आधार पर नई दिल्ली व हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली उन सभी मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को शुरुआती स्टेशन से रद्द किया है, जो शनिवार सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच पहुंचने वाली थीं और शुक्रवार दोपहर 2 बजे के बाद रवाना होनी थीं। उद्देश्य यात्रियों को जाम और सड़क अवरोधों से होने वाली परेशानी से बचाना है। रेलवे ने हाल की उस घटना का भी जिक्र किया, जब ट्रेन छूटने के कारण करीब 5,000 यात्री नई दिल्ली स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर रह गए थे।

ये भी पढ़े: CJP के प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस अलर्ट, 23 हजार जवानों की तैनाती से बॉर्डर तक निगरानी