Tuesday, Oct 20

होम = News Top = दिल्ली में दशहरे पर दिखेंगे अनोखे नजारे, 221 फीट का रावण और 30 फीट का कॉकरोच

दिल्ली में दशहरे पर दिखेंगे अनोखे नजारे, 221 फीट का रावण और 30 फीट का कॉकरोच

by | Oct 19, 2026 | News Top

Delhi Dussehra 2026: दिल्ली में इस बार दशहरे पर रावण दहन के साथ सामाजिक समस्याओं पर भी संदेश दिया जाएगा। कहीं 30 फुट ऊंचे कॉकरोच का पुतला जलाकर गंदगी और अस्वच्छता के खिलाफ जागरूकता फैलाई जाएगी, तो कहीं रावण के पुतले के जरिए ट्रैफिक, वायु प्रदूषण और अहंकार जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। वहीं, एक रामलीला समिति नकली दवाओं और दवाओं की बढ़ती कीमतों को ‘आज का रावण’ बताकर प्रतीकात्मक पुतला जलाएगी।

लव कुश रामलीला में ‘हे राम’ बोलेगा रावण

लाल किला मैदान में आयोजित होने वाली लव कुश रामलीला में इस बार रावण दहन के दौरान खास दृश्य दिखाने की तैयारी है। आयोजकों के मुताबिक, भगवान राम का तीर लगने के बाद रावण का पुतला ‘हे राम’ बोलेगा। इसके बाद संवाद के जरिए लोगों को अपने भीतर की बुराइयों को खत्म करने का संदेश दिया जाएगा। समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इस बार अहंकार छोड़ने और अपने भीतर के रावण को जलाने की सीख दी जाएगी। संवाद में दिल्ली के ट्रैफिक और वायु प्रदूषण जैसे मुद्दों का भी जिक्र होगा।

घूमेगी तलवार, जलती दिखेंगी रावण की आंखें

लव कुश रामलीला में इस बार 110 फुट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है। इसकी तलवार घूमेगी और आंखें जलती हुई दिखाई देंगी। पुतले पर 11 अलग-अलग रंगों की 11 मालाएं भी लगाई जाएंगी। रावण के साथ 100 फुट ऊंचे कुंभकर्ण और 90 फुट ऊंचे मेघनाद के पुतले भी तैयार किए गए हैं। आयोजकों के मुताबिक, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हो सकते हैं।

द्वारका में 221 फीट का रावण, डिजिटल रामलीला

द्वारका श्रीरामलीला में इस बार 221 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है। इसके अलावा कुंभकर्ण और मेघनाद के 90-90 फुट ऊंचे पुतले भी होंगे। आयोजन समिति के कोर कमेटी सदस्य और मीडिया प्रमुख भारत भूषण मालवीय ने बताया कि रामलीला को डिजिटल और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने पर जोर दिया गया है। आयोजन का सोशल मीडिया पर सीधा प्रसारण किया गया। दर्शकों के लिए मोबाइल ऐप और डिजिटल टिकटिंग की सुविधा भी शुरू की गई है। समिति ने इसे भारत की पहली डिजिटल रामलीला बताया है। साथ ही, आयोजन के दौरान ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल की योजना है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के द्वारका श्रीरामलीला के दशहरा समारोह में शामिल होने की जानकारी भी दी गई है।

पितमपुरा में रावण के साथ जलेगा 30 फुट का कॉकरोच

पितमपुरा में श्री केशव रामलीला समिति ने रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ 30 फुट ऊंचे कॉकरोच का पुतला जलाने की तैयारी की है। आयोजकों के मुताबिक, कॉकरोच गंदगी और अस्वच्छता का प्रतीक होगा। इसका उद्देश्य लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करना और स्वच्छ भारत अभियान का संदेश देना है। समिति के अध्यक्ष अशोक गोयल ने कहा कि यह पहल किसी राजनीतिक दल या मुद्दे से प्रेरित नहीं है। इसका मकसद अच्छाई की बुराई पर जीत और साफ-सफाई के महत्व को सामने लाना है। उनके मुताबिक, समिति पहले भी नक्सलवाद और आतंकवाद जैसे मुद्दों पर प्रतीकात्मक पुतले जला चुकी है।

नकली दवाओं के खिलाफ ‘आज का रावण’

पश्चिम विहार की इंद्रप्रस्थ रामलीला समिति इस बार रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के अलावा ‘आज का रावण’ नाम से चौथा पुतला भी जलाएगी। समिति के अध्यक्ष संदीप बिंदु के मुताबिक, यह पुतला जेनेरिक दवाओं की कीमतों में कथित हेरफेर और नकली दवाओं की बिक्री जैसी समस्याओं का प्रतीक होगा।

बिंदु ने कहा कि दवाओं की बढ़ती कीमतों के कारण आम लोगों के लिए उन्हें खरीदना मुश्किल हो सकता है। वहीं, नकली या बेअसर दवाओं का खतरा भी चिंता का विषय है। समिति का उद्देश्य इस प्रतीकात्मक पुतले के जरिए इन समस्याओं की ओर लोगों का ध्यान खींचना है। इस तरह दिल्ली में दशहरा सिर्फ रावण दहन तक सीमित नहीं रहेगा। अलग-अलग रामलीला समितियां पुतलों और संवादों के जरिए सामाजिक बुराइयों, स्वच्छता, पर्यावरण और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर संदेश देने की तैयारी कर रही हैं।

ये भी पढ़ें: लव-कुश रामलीला में दिल्ली वालों को रावण देगा 3 संदेश, अहंकार छोड़ो, ट्रैफिक घटाओ और पेड़ लगाओ