Tuesday, Oct 20

होम = State = लव-कुश रामलीला में दिल्ली वालों को रावण देगा 3 संदेश, अहंकार छोड़ो, ट्रैफिक घटाओ और पेड़ लगाओ

लव-कुश रामलीला में दिल्ली वालों को रावण देगा 3 संदेश, अहंकार छोड़ो, ट्रैफिक घटाओ और पेड़ लगाओ

Ravan Dahan Delhi: लाल किला मैदान में आयोजित विश्वविख्यात लव-कुश रामलीला में इस बार रावण दहन से पहले दिल्लीवासियों को तीन खास संदेश दिए जाएंगे। लव-कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इन संदेशों का उद्देश्य अहंकार खत्म करने, ट्रैफिक कम करने और प्रदूषण से लड़ने के लिए लोगों को जागरूक करना है।

110 फीट ऊंचा रावण, खास होगा दहन

अर्जुन कुमार के मुताबिक, रामलीला मैदान में रावण का 110 फीट, कुंभकर्ण का 100 फीट और मेघनाद का 90 फीट ऊंचा पुतला लगाया गया है। श्रीराम का तीर लगने के बाद रावण की नाभि से अमृत निकलेगा, उसकी दोनों आंखों से आग बरसेगी और गले में पड़ी 11 चमकती मालाओं का रंग बदलेगा।

अहंकार छोड़ने का पहला संदेश

पहले संदेश में रावण लोगों से अपने भीतर के अहंकार को खत्म करने की अपील करेगा। पुतले से आवाज आएगी, “हर साल यहां मैं तो जल जाता हूं, मुझे मेरे अहंकार ने मारा।” इसके जरिए लोगों को अपने भीतर छिपे अहंकार रूपी रावण को मारने का संदेश दिया जाएगा।


ट्रैफिक और प्रदूषण पर भी जागरूकता

रावण का दूसरा संदेश दिल्ली में ट्रैफिक कम करने और सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने से जुड़ा होगा। तीसरे संदेश में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताते हुए ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की अपील की जाएगी। संदेश में कहा जाएगा कि प्रदूषण लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रहा है और भावी पीढ़ी के लिए भी खतरा है। ऐसे में सभी को मिलकर पेड़ लगाने और दिल्ली से प्रदूषण खत्म करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।

ये भी पढ़ें: रूस-यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप का आया रिएक्शन, कहा- जेलेंस्की का देश बर्बाद हो चुका है, पुरुषों की कमी है; अब युद्ध खत्म हो