Sunday, Oct 18

होम = Others = दिल्ली की लव कुश रामलीला में धू-धू कर जली सोने की लंका, 250 फीट की ऊंचाई से हनुमान जी किया शानदार प्रवेश

दिल्ली की लव कुश रामलीला में धू-धू कर जली सोने की लंका, 250 फीट की ऊंचाई से हनुमान जी किया शानदार प्रवेश

Delhi Luv Kush Ramlila Lanka Dahan 2026: दिल्ली के लाल किला मैदान में आयोजित विश्वप्रसिद्ध लव कुश रामलीला में शनिवार को लंका दहन का भव्य मंचन हुआ। विशाल सोने की लंका को जलते देख हजारों श्रद्धालुओं ने 'जय श्री राम' के नारे लगाए। इस दौरान दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल भी मौजूद रहे।

250 फीट की ऊंचाई से हनुमान जी का प्रवेश

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि विशाल क्रेनों की मदद से हनुमान जी भगवान राम और लक्ष्मण को कंधों पर उठाकर 250 फीट की ऊंचाई से आकाश मार्ग के जरिए पहुंचे।

इस अद्भुत दृश्य को हजारों दर्शकों ने मोबाइल कैमरों में कैद किया। इसके बाद हनुमान जी ने सोने की लंका में आग लगाई और जयकारों के बीच लंका जलकर राख हो गई।

रामायण के कई प्रसंगों का मंचन

रामलीला में श्रीराम-शबरी मिलन, राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, सीता की खोज, लंकिनी से भेंट, रावण-सीता संवाद, अक्षय कुमार वध, रावण-हनुमान संवाद और लंका दहन का प्रभावशाली मंचन किया गया।

मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल का सम्मान

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री अशोक सिंघल ने रामलीला का अवलोकन कर भगवान राम का आशीर्वाद लिया। कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल के अनुसार, सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पवन गुप्ता, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल, बृजमोहन गोयल, अंकुर गोयल, गौरव सूरी, प्रवीण गोयल, संदीप भूटानी सहित अन्य पदाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

ये भी पढ़े: ₹48 लाख से ज्यादा का एक्सपायर्ड खाना जब्त; रिलायंस, ब्लिंकिट और जोमैटो के कर्मचारियों पर FIR