Saturday, Oct 24

होम = Breaking = ‘1 नवंबर की रैली टालें’, दिल्ली के व्यापारियों ने राहुल गांधी को लिखा पत्र, 10 हजार करोड़ का कारोबार प्रभावित होने की कही बात

‘1 नवंबर की रैली टालें’, दिल्ली के व्यापारियों ने राहुल गांधी को लिखा पत्र, 10 हजार करोड़ का कारोबार प्रभावित होने की कही बात

Delhi Traders Rahul Gandhi Rally: दिवाली से पहले दिल्ली के व्यापारियों ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली स्थगित करने की मांग की है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने पत्र लिखकर आशंका जताई है कि रैली से आसपास के करीब 20 बड़े थोक और खुदरा बाजारों में आवाजाही प्रभावित होगी और करोड़ों रुपये का कारोबार प्रभावित हो सकता है।

10 नवंबर तक रैली टालने की अपील

CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने राहुल गांधी से भैया दूज यानी 10 नवंबर तक रैली स्थगित करने का अनुरोध किया है। उनके मुताबिक, दिवाली के पीक सीजन में रैली से लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के कारोबार पर असर पड़ सकता है।

CTI के आकलन के अनुसार, अक्टूबर में कनॉट प्लेस, इंडिया गेट और मध्य दिल्ली में लगातार रैलियों और मार्च के कारण व्यापारियों को करीब 3 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।

इन प्रमुख बाजारों में कारोबार प्रभावित होने की आशंका

रामलीला मैदान से पांच किलोमीटर के दायरे में चांदनी चौक, सदर बाजार, चावड़ी बाजार, भागीरथ पैलेस, खारी बावली, कश्मीरी गेट, नया बाजार, मोरी गेट, किनारी बाजार, दरीबा, दरियागंज, अजमेरी गेट, जामा मस्जिद, झंडेवालान, करोल बाग, नबी करीम, आजाद मार्केट और लाजपत राय मार्केट जैसे प्रमुख बाजार स्थित हैं।

इन बाजारों से देशभर में सामान भेजा जाता है। व्यापारियों का कहना है कि रैली के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग और मेट्रो स्टेशन बंद होने से व्यापार ठप पड़ सकता है।

रेलवे यात्रियों और खरीदारों को भी परेशानी

गोयल ने बताया कि पुरानी और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भी रामलीला मैदान के नजदीक हैं। यहां से लाखों व्यापारी और खरीदार खरीदारी के लिए बाजार पहुंचते हैं। रास्ते बंद होने से उन्हें परेशानी हो सकती है।

उन्होंने शांतिपूर्ण विरोध के लोकतांत्रिक अधिकार का सम्मान करते हुए राजनीतिक दलों से धनतेरस, दिवाली और भैया दूज तक प्रमुख बाजार क्षेत्रों में बड़ी रैलियां आयोजित नहीं करने की अपील की है।

ये भी पढ़े: दिल्ली-NCR की हवा हुई खराब, नोएडा में AQI 270 के पार, यमुना में तैरता दिखा जहरीला झाग