Faridabad: हरियाणा के फरीदाबाद में सेक्टर 11 स्थित एक निजी होटल के कमरे में 25 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी अदिति के रूप में हुई है। वह तीन दिनों से अपने प्रेमी हेमंत शर्मा के साथ होटल में ठहरी थी। घटना के बाद से हेमंत फरार है।
बिना बताए आगरा से फरीदाबाद आई थी युवती
पुलिस के मुताबिक, अदिति तीन दिन पहले घर में बिना बताए फरीदाबाद पहुंची थी। वह हेमंत के साथ होटल के कमरा नंबर 204 में रह रही थी। दोनों लंबे समय से प्रेम संबंध में थे। हेमंत मूल रूप से आगरा का निवासी है, लेकिन काफी समय से फरीदाबाद में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। अदिति के फरीदाबाद आने की जानकारी परिवार को थी या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है।
होटल कर्मचारियों ने देखा शव
देर रात होटल कर्मचारियों को कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर अदिति का शव फंदे से लटका देखकर उन्होंने होटल मालिक और पुलिस को सूचना दी। सेक्टर 11 पुलिस चौकी की टीम ने शव पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेजा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना रात 10 बजे के बाद की है।
प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, हेमंत घटना वाली रात होटल से चला गया था। उसके जाने की परिस्थितियां और घटना के समय कमरे में क्या हुआ, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस पीआरओ यशपाल ने बताया कि हेमंत के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस आत्महत्या सहित मौत के अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़े: Mini Cooper हादसा: FIR में आरोपी की पहचान अज्ञात, ड्राइवर ने कहा था- ‘पापा सब संभाल लेंगे’

