Wednesday, Sep 30

होम = देश = कॉकपिट में पायलट और कॉ-पायलट भिड़े, चाकूबाजी के बाद भेजा हाईजैक सिग्नल; सऊदी में कराई लैंडिंग

कॉकपिट में पायलट और कॉ-पायलट भिड़े, चाकूबाजी के बाद भेजा हाईजैक सिग्नल; सऊदी में कराई लैंडिंग

by | Sep 30, 2026 | देश

Flydubai co-pilot attack: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को कॉकपिट के अंदर पायलट और कॉ-पायलट के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना के बाद विमान से पहले इमरजेंसी कोड 7700 और कुछ ही देर बाद 7500 सिग्नल भेजा गया, जिसे संभावित हाईजैक या अवैध हस्तक्षेप से जोड़ा जाता है। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

कॉकपिट में चाकू से हमला करने का आरोप

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कॉ-पायलट पर कथित तौर पर विमान को क्रैश करने की कोशिश करने का आरोप है। बताया गया कि उसने कप्तान पर चाकू से हमला किया। इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, कॉ-पायलट ओमान का नागरिक है, जबकि कप्तान भारतीय बताया गया है। कॉकपिट से चीखने की आवाजें आने के बाद केबिन क्रू और कुछ यात्रियों ने अंदर पहुंचकर कॉ-पायलट को काबू किया। सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो और तस्वीरों में एक घायल व्यक्ति और खून से सना कपड़ा दिखाई दे रहा है। एक अन्य दृश्य में यात्रियों को घायल कप्तान की मदद करते हुए देखा गया।

34 हजार फीट से अचानक नीचे आया विमान

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान करीब 34,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसके बाद महज दो मिनट से कुछ ज्यादा समय में यह करीब 16,600 फीट तक नीचे आ गया। इसी दौरान विमान से इमरजेंसी सिग्नल भी भेजे गए। पहले 7700 कोड भेजा गया, जो सामान्य आपात स्थिति का संकेत देता है। इसके कुछ सेकंड बाद 7500 कोड ट्रांसमिट हुआ, जिसे संभावित हाईजैक या अवैध हस्तक्षेप के संकेत के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है।

यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर कॉ-पायलट को दबोचा

एक यात्री के मुताबिक, उड़ान के करीब दो घंटे बाद कॉकपिट से चीखने की आवाजें सुनाई दीं। दरवाजा खुलने के बाद वहां एक पायलट घायल अवस्था में दिखाई दिया और आसपास काफी खून था। बताया गया कि कुछ यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर कॉ-पायलट को काबू किया। यात्री यित्जहाक लीबर ने एक वीडियो संदेश में दावा किया कि पायलट गंभीर रूप से घायल था और यात्रियों ने कॉ-पायलट को काबू कर बांध दिया था।

दूसरी टीम के पायलटों ने कराई सुरक्षित लैंडिंग

विमान में मौजूद दूसरी टीम के पायलटों ने स्थिति संभालने में मदद की और विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। एयरपोर्ट के मुताबिक, कप्तान और कॉ-पायलट दोनों को चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के दौरान विमान के पिछले हिस्से में मौजूद रडर को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। विमान में करीब 180 यात्री सवार थे।

इजरायल ने बताया आतंकी हमले की कोशिश

इजरायल ने इस घटना को संभावित आतंकी हमले की कोशिश बताया है। मामले में इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद की ओर से जांच किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, घटना की पूरी वजह और कॉ-पायलट के कथित कदमों की सटीक स्थिति अभी जांच के दायरे में है। इस घटना के बाद इजरायल और सऊदी अरब की ओर से भी लड़ाकू विमानों को सक्रिय किए जाने की जानकारी सामने आई। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट का सऊदी अरब में उतरना भी असामान्य घटना माना जा रहा है, क्योंकि सऊदी अरब और इजरायल के बीच राजनयिक संबंध नहीं हैं।

यात्रियों को वापस लाने की तैयारी

तबुक एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, यात्रियों को आगे ले जाने के लिए फ्लाईदुबई के साथ समन्वय किया जा रहा है और रिप्लेसमेंट विमान की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, इजरायल की ओर से यात्रियों को वापस लाने के लिए सैन्य या नागरिक विमान भेजे जाने की संभावना भी सामने आई है।

ये भी पढ़ें:Modi Cabinet Big Update: MSP बढ़ाने समेत 3 बड़े फैसले, ₹2.79 लाख करोड़ की योजनाओं को मंजूरी