France Inflation Protest: महंगाई की मार और स्कूलों की बदहाली को लेकर फ्रांस में लोगों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया। बीते दिन देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान कई शहरों में हिंसा भड़क उठी। फ्रांस सरकार के मुताबिक, करीब 5.5 लाख लोगों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया, जबकि पुलिस ने कम से कम 1,200 लोगों को गिरफ्तार किया। प्रदर्शन ने सरकार के सामने आर्थिक चुनौतियों के साथ शिक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की नाराजगी भी उजागर कर दी।
पेरिस में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें
फ्रांस की राजधानी पेरिस में शनिवार शाम तक कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें हुईं। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान राजधानी समेत कई इलाकों में इमारतों में आग लगा दी गई, जिससे तनाव और बढ़ गया।
लिमोज के टाउन हॉल में लगी भीषण आग
प्रदर्शन के दौरान लिमोज शहर के टाउन हॉल में भी भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत की छत का एक हिस्सा ढह गया। वहीं, कई अन्य इलाकों में भी आगजनी की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं के बीच पुलिस हालात पर काबू पाने में जुटी रही।
शाम होते ही भड़की हिंसा
पेरिस में प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने कहा कि वे बदलाव लाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हो रहा है। हालांकि, दिन ढलने के साथ ही कुछ समूहों ने सड़कों पर आगजनी शुरू कर दी और वाहनों को आग के हवाले कर दिया। राजधानी के प्रमुख स्थल प्लेस डे ला रिपब्लिक के आसपास भी आगजनी की घटनाएं हुईं।
ये भी पढ़ें: फ्रांस में सुपरमार्केट के फ्रीज़र्स पर हुए साइबर हमले, तापमान से खराब हुआ सामान; PM ने जांच के दिए आदेश

