Gurugram: गुरुग्राम के सोहना में 15 वर्षीय नाबालिग ने अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि किशोरी के साथ इंस्टाग्राम पर दोस्त बने 22 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया था। मामला तब सामने आया, जब पेट में तेज दर्द होने पर परिजन उसे सोहना के उपमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे।
गर्भावस्था से अनजान थे परिजन
डॉक्टरों ने बताया कि किशोरी गर्भवती थी और उसे प्रसव पीड़ा हो रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शारीरिक बदलाव स्पष्ट नहीं होने के कारण किशोरी और उसके माता-पिता को गर्भावस्था की जानकारी नहीं थी। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस पहुंची और किशोरी, परिजनों तथा डॉक्टरों के बयान दर्ज किए।
डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
काउंसलिंग के दौरान किशोरी ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम पर युवक से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि युवक अलग-अलग जगह मिलने बुलाकर उसका यौन शोषण करता था। डर और परिणामों की जानकारी नहीं होने के कारण उसने परिजनों को कुछ नहीं बताया।
युवक के संपर्क तोड़ने के बाद किशोरी 1 अगस्त को घर छोड़कर चली गई। परिजनों ने कई जगह तलाश की, लेकिन पुलिस को सूचना नहीं दी। मंगलवार को बीमार हालत में लौटने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
किशोरी के बयान पर गुरुवार को सिटी सोहना थाने में पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत एफआईआर दर्ज हुई। गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ संदीप तुरान ने बताया कि नूंह निवासी आरोपी की पहचान हो चुकी है और जल्द गिरफ्तारी होगी।
मां और नवजात बेटे की हालत स्थिर है। दोनों अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। परिजनों की सहमति और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्चे को गोद देने के लिए एनजीओ को सौंपा जाएगा।
ये भी पढ़े: बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में भीषण आग, समुद्र किनारे बने रिसॉर्ट में 10 लोगों की मौत, 9 घायल

