Monday, Oct 05

होम = State = बांग्लादेश से युवतियां लाकर जम्मू में कराते थे शादी, MP में पकड़े गए 2 रोहिंग्या तस्कर

बांग्लादेश से युवतियां लाकर जम्मू में कराते थे शादी, MP में पकड़े गए 2 रोहिंग्या तस्कर

Gwalior Human Trafficking: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जीआरपी ने मानव तस्करी के एक कथित बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने चार म्यांमार मूल की युवतियों को बरामद किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन युवतियों को बांग्लादेश के कुतुपालोंग शरणार्थी शिविर से अवैध तरीके से भारत लाया गया था। मामले में दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, युवतियों को भारत लाने के बाद जम्मू में उनकी शादी कराने की योजना थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसकी पूरी कड़ी की जानकारी जुटा रही है।

ट्रेन में मिली सूचना, एक आरोपी गिरफ्तार

जानकारी के मुताबिक, जीआरपी कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि स्वर्णजयंती एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक व्यक्ति अपने साथी के साथ म्यांमार और बांग्लादेश से लड़कियों को भारत लाकर उनकी शादी कराने का काम करता है। सूचना के बाद जीआरपी थाना प्रभारी दीपशिखा तोमर टीम के साथ ट्रेन में पहुंचीं। हुलिए के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम मुबीन बताया। वह म्यांमार का रहने वाला है और पिछले करीब चार साल से हैदराबाद में रह रहा था। पुलिस को उसके पास से शरणार्थी कार्ड भी मिला।

अलीगढ़ में दूसरे आरोपी के पास मिलीं चार युवतियां

पूछताछ में मुबीन ने बताया कि वह अपने साथी मो. हसन के साथ मिलकर बांग्लादेश से युवतियों को भारत लाता था और जम्मू में उनकी शादी कराने का काम करता था। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अलीगढ़ में दबिश दी। पुलिस ने वहां मो. हसन को गिरफ्तार किया। उसके पास से चार युवतियां भी बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, ये सभी बांग्लादेश के कुतुपालोंग शरणार्थी शिविर की रहने वाली बताई जा रही हैं।

नदी और पहाड़ी रास्तों से भारत लाने का दावा

भाषा की समस्या के चलते पुलिस ने ट्रांसलेटर की मदद से युवतियों से पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें नदी और पहाड़ी रास्तों के जरिए सीमा पार कराकर भारत लाया गया था।

जीआरपी थाना प्रभारी दीपशिखा तोमर के मुताबिक, शुरुआती जांच में युवतियों का भारत में अवैध रूप से प्रवेश करना सामने आया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं और युवतियों को भारत लाने के बाद उनकी शादी कराने की योजना में अन्य लोगों की क्या भूमिका थी। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

ये भी पढ़ें: इमारतों से विमान टकराना चाहता था को-पायलट, तेल अवीव को लेकर रिपोर्ट में बड़ा दावा