Haryana Power Supply Strike: फरीदावाद और गुरुग्राम समेत कई हरियाणा के कई जिलों में बिजली कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से पावर सप्लाई बंद हो गई है। बिजली नहीं आने परेशान लोगों ने फरीदाबाद और गुरुग्राम के कई इलाकों में रास्ता जाम कर सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है। रिपोर्ट के मुताबिक, फरीदाबाद के एनआईटी-2, डबुआ कॉलोनी, टीटू कॉलोनी, पल्ला और सारण समेत कई इलाकों में 24 घंटे से ज्यादा समय से बिजली आपूर्ति प्रभावित है। वहीं, कई कर्मचारी गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को 25 साल के लिए बिजली वितरण का लाइसेंस देने के फैसले का विरोध कर रहे हैं।
हड़ताल से कई जिलों में बिजली सप्लाई प्रभावित
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का असर गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत हरियाणा के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। नूंह, सोनीपत, रेवाड़ी, झज्जर, करनाल और अंबाला में भी बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संकट का असर घरों में रोजमर्रा के कामकाज, जलापूर्ति और औद्योगिक गतिविधियों पर भी पड़ा है।
बिजली-पानी के संकट से बढ़ी लोगों की मुश्किलें
लंबे समय से बिजली गुल रहने के कारण लोगों की दिनचर्या बिगड़ गई है। घरों में जरूरी काम अटक रहे हैं, पानी की किल्लत बढ़ रही है और बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। स्थानीय लोग जल्द बिजली बहाल करने की मांग कर रहे हैं। अब सबकी नजर बिजली निगम पर है कि प्रभावित इलाकों में आपूर्ति कब सामान्य होती है और लोगों को बिजली-पानी की परेशानी से कब राहत मिलती है।
मंत्री अनिल विज ने कर्मचारियों से अपील की
बिजली मंत्री अनिल विज ने कर्मचारियों से हड़ताल खत्म कर ड्यूटी पर लौटने की अपील की है। सरकार ने कर्मचारियों को बातचीत के लिए भी बुलाया है और कहा है कि वह इलेक्ट्रिसिटी एक्ट 2003 की धारा 108 पर कार्रवाई समेत सभी विकल्पों पर चर्चा करने को तैयार है।

