Wednesday, Oct 07

होम = News Big = अहमदाबाद में सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट और 10 स्कूलों को मिली बम की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हुईं अलर्ट

अहमदाबाद में सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट और 10 स्कूलों को मिली बम की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हुईं अलर्ट

Ahmedabad School Bomb Threat: गुजरात के अहमदाबाद में 10 स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। धमकी भरे ई-मेल में शहर में होने वाले सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का भी जिक्र किया गया है। सूचना मिलते ही फायर विभाग, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें अलग-अलग स्कूलों में पहुंचीं और सुरक्षा जांच शुरू कर दी। धमकी वाले ज्यादातर स्कूल पश्चिमी अहमदाबाद में बताए जा रहे हैं।

इन स्कूलों को मिली धमकी

धमकी मिलने वाले स्कूलों की सूची में वेजलपुर की जायडस स्कूल, सैटेलाइट की बोडकदेव स्कूल फॉर चिल्ड्रन, छारोड़ी की एसजीवीपी स्कूल, संत कबीर स्कूल और ड्राइव-इन रोड की एशिया स्कूल शामिल हैं। एहतियात के तौर पर जायडस स्कूल में छात्रों की छुट्टी समय से पहले कर दी गई। बाकी स्कूलों में भी सुरक्षा को लेकर जांच और सतर्कता बढ़ा दी गई है।

दिलजीत के शो को भी धमकी

धमकी भरे ई-मेल में स्कूलों के साथ-साथ दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का भी जिक्र किया गया है। ई-मेल में 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम और 1 नवंबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले शो के दौरान बम धमाके की धमकी दी गई है। सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां दोनों कार्यक्रमों को लेकर भी सतर्क हो गई हैं।

स्कूलों को सतर्क रहने का निर्देश

पूरे मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी रोहित चौधरी ने सभी स्कूलों को स्थानीय पुलिस को तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए हैं। स्कूल प्रबंधन से कहा गया है कि बच्चों के बीच घबराहट न फैलने दें और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित तरीके से अभिभावकों को सौंपें। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां धमकी वाले ई-मेल की जांच में जुटी हैं और भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हुईं अलर्ट