Delhi Schools Bomb Threat: दिल्ली के कम से कम तीन स्कूलों को मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों को खाली कराया गया। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और दमकल विभाग की टीमों ने स्कूलों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
तीन स्कूलों को ईमेल के जरिए मिली धमकी
पुलिस के मुताबिक, द ब्रिटिश स्कूल, संस्कृति स्कूल और सरदार पटेल विद्यालय को मंगलवार सुबह बम की धमकी मिली। नई दिल्ली जिले में स्थित इन स्कूलों से सुबह करीब 10:30 से 10:45 बजे के बीच पुलिस को सूचना मिली। ईमेल के जरिए धमकी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस, बम डिटेक्शन और डिस्पोजल टीम, डॉग स्क्वॉड और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और एंटी-सैबोटाज जांच शुरू की गई।
धमकी वाले ईमेल की भी हो रही जांच
पुलिस के मुताबिक, अब तक की तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। पुलिस धमकी भरे ईमेल की भी जांच कर रही है और भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, सरदार पटेल विद्यालय ने अभिभावकों को संदेश भेजकर बताया कि सुरक्षा संबंधी धमकी मिलने के बाद सभी छात्रों को सुरक्षित स्कूल परिसर से बाहर निकाल लिया गया है और पुलिस को सूचना दे दी गई है।
परीक्षा के बीच मिली धमकी, छात्रों को कराया गया बाहर
सरदार पटेल विद्यालय ने बताया कि मिडिल स्कूल के छात्रों की परीक्षाएं पूरी हो चुकी थीं, जबकि सीनियर स्कूल के छात्र भी अपनी परीक्षा का अधिकांश हिस्सा पूरा कर चुके थे। स्कूल अब बाकी परीक्षाओं को लेकर स्थिति का सावधानी से आकलन करेगा और इसके बाद फैसला लिया जाएगा। अभिभावकों के मुताबिक, मंगलवार को अर्धवार्षिक परीक्षाओं का पहला दिन था, लेकिन बम की धमकी मिलते ही छात्रों को तुरंत स्कूल से बाहर निकाल दिया गया।

