Hyderabad: हैदराबाद के मेडिपल्ली इलाके में सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे कैरेटलेन ज्वेलरी शॉप में बड़ी चोरी से हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, सात अज्ञात लोगों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने के आभूषण चोरी करने के बाद फरार हो गए। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 7 करोड़ रुपये बताई गई है। सूचना मिलते ही मेडिपल्ली पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर जालंधर रेड्डी ने बताया कि क्लू टीम को भी बुलाया गया और वह एसीपी व डीसीपी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने क्राइम सीन से कई सुराग जुटाए।
1.04 किलो सोना चोरी
दुकान के फ्रेंचाइजी इंचार्ज शु सुब्रमण्यम ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार शोरूम में मौजूद ज्यादातर आभूषण सुरक्षित हैं और करीब 25 प्रतिशत ज्वेलरी चोरी हुई है। चोरी हुए सोने का वजन करीब 1.04 किलो और कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये बताई गई है।
सात आरोपियों में दो की पहचान
पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए पांच टीमें गठित की हैं। सात आरोपियों में से दो की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर रेड्डी ने जल्द मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई है।
ये भी पढ़े: बेमेतरा में 22 बंदरों की हत्या का दावा, जांच में अब तक नहीं हुई पुष्टि; मिले 2 कंकाल

