Sunday, Oct 11

होम = Cover Story Global = हैदराबाद में नाबालिग को 30 हजार में बेचकर देह व्यापार में धकेला, यौन शोषण के आरोप में 8 गिरफ्तार

हैदराबाद में नाबालिग को 30 हजार में बेचकर देह व्यापार में धकेला, यौन शोषण के आरोप में 8 गिरफ्तार

Hyderabad: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में नाबालिग लड़की की तस्करी कर उसे जबरन देह व्यापार में धकेलने और यौन शोषण का मामला सामने आया है। पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर छह मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल एक ऑटो जब्त किया है।

ऑटो में बैठाकर अत्तापुर ले गया आरोपी

पुलिस जांच के मुताबिक, 2 सितंबर को मुख्य आरोपी शेख आतिफ ने साजिश के तहत नाबालिग को तोलीचौकी से ऑटो में बैठाया और अत्तापुर पहुंचाया। वहां उसने लड़की को आफरीन उर्फ सना और समरीन बेगम को सौंप दिया। दोनों महिलाओं ने खाने और रहने का लालच देकर पीड़िता को साबिया बेगम के हवाले कर दिया, जो अत्तापुर के पिलर नंबर 200 के पास कथित देह व्यापार अड्डा संचालित करती थी।

30 हजार रुपये में किया सौदा

पुलिस के अनुसार, साबिया ने लड़की के बदले आतिफ, सना और समरीन को 30 हजार रुपये दिए, जिन्हें तीनों ने बांट लिया। इसके बाद नाबालिग को जबरन देह व्यापार में धकेला गया और कई लोगों ने उसका यौन शोषण किया। पीड़िता ने जाने की कोशिश की तो साबिया ने पैसे दिए जाने की बात कहकर उसे धमकाया।

5 अक्टूबर को चंगुल से भागी पीड़िता

नाबालिग 5 अक्टूबर को किसी तरह अड्डे से निकलकर घर पहुंची। परिजनों को आपबीती बताने के बाद उसने तोलीचौकी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

आठ गिरफ्तार, वित्तीय लेन-देन की जांच जारी

पुलिस ने 9 अक्टूबर को आतिफ, साबिया, सना, समरीन, मोहम्मद हाजीमिया, मोहम्मद नदीम, मोहम्मद कैफुद्दीन और अली बिन अकरम को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। आखिरी चार आरोपियों पर ग्राहक लाने और अन्य गतिविधियों में सहयोग करने का आरोप है। मामले में BNS, POCSO और ITPA के तहत केस दर्ज है। गोलकुंडा जोन के डीसीपी जे. राघवेन्द्र रेड्डी के नेतृत्व में पुलिस रैकेट के वित्तीय लेन-देन और अन्य संपर्कों की जांच कर रही है।

ये भी पढ़े: इंग्लैंड के वाइल्डलाइफ पार्क में बाघ के बाड़े में घुसा शख्स, हमले में मौत, मचा हड़कंप