Imran Khan India Exit Notice: अभिनेता इमरान खान ने भारत छोड़ने के नोटिस के खिलाफ कानूनी लड़ाई शुरू कर दी है। आमिर खान के भांजे इमरान ने बीत दिन बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख करते हुए नोटिस को मनमाना, गैरकानूनी और असंवैधानिक बताया। इस बीच, रविवार को आमिर खान की मुंबई में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे से मुलाकात ने भी ध्यान खींचा। आपको बता दें कि इमरान खान ने 10 अक्टूबर को मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इसके बाद मुंबई के फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) ने इमरान को भारत छोड़ने का नोटिस भेजा था।
इमरान को FRRO का दूसरा नोटिस जारी
FRRO ने इमरान खान को दूसरा नोटिस भेजा है। इसमें पूछा गया है कि उनका ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड क्यों न रद्द किया जाए। इमरान को जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। इससे पहले जारी नोटिस में उन्हें 28 अक्टूबर से पहले भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया था।
इमरान ने याचिका में इन बातों का किया जिक्र
इमरान खान ने अपनी याचिका में कहा कि मौजूदा कानूनों में OCI कार्डधारक को शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने नोटिस जारी करते समय न तो कोई वजह बताई और न ही समर्थन में दस्तावेज दिए। उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका भी नहीं मिला। याचिका में 10 अक्टूबर को पुलिस हिरासत में लिए जाने को गलत बताते हुए दावा किया गया कि यह कार्रवाई संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन है। इमरान ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ कार्रवाई एक राजनीतिक दल के नेता की शिकायत के बाद की गई।
राज ठाकरे से मिले आमिर खान
इमरान खान के भारत छोड़ने के नोटिस को लेकर कानूनी लड़ाई के बीच उनके मामा और अभिनेता आमिर खान ने रविवार को मुंबई में राज ठाकरे से मुलाकात की। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख के आवास पर हुई इस मुलाकात के एजेंडे को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, इमरान के मामले के बीच इस मुलाकात ने ध्यान खींचा है।
ये भी पढ़ें: इमरान खान को भारत छोड़ने के नोटिस पर भड़कीं किरण राव, फैसले पर जताई नाराजगी

