Kiran Rao on Imran Khan Notice: अभिनेता इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस मिलने के बाद फिल्ममेकर किरण राव उनके समर्थन में उतर आई हैं। अमेरिकी पासपोर्ट और OCI कार्ड रखने वाले इमरान को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने के बाद मुंबई के FRRO ने नोटिस जारी किया है। किरण राव ने इस फैसले पर कड़ा ऐतराज जताया है।
‘43 साल की उम्र, 40 साल भारत में बिताए’
किरण राव ने इंस्टाग्राम पर इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस मिलने की खबर पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने हैरानी जताते हुए लिखा, ‘वाह, अब मुंबई पुलिस?’ इसके बाद इमरान का समर्थन करते हुए किरण ने कहा कि 43 साल की उम्र में उन्होंने अपनी जिंदगी के 40 साल भारत में बिताए हैं। यहीं पढ़ाई की, काम किया, सफलता और नाकामी देखी, प्यार किया और संघर्ष भी किया।
सबा आजाद ने भी फैसले पर जताई नाराजगी
किरण राव के अलावा अभिनेत्री सबा आजाद ने भी इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस दिए जाने पर असहमति जताई है। उन्होंने इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘क्या? ये बिल्कुल बकवास है।’ इमरान के समर्थन में फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियां आवाज उठा रही हैं और FRRO के नोटिस पर सवाल उठा रही हैं।
इमरान पर इन धाराओं में केस हुआ दर्ज
मुंबई पुलिस के मुताबिक, इमरान खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, 126(2), 189(2), 189(3) और 189(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। ये धाराएं आदेश की अवहेलना, गलत तरीके से रोकने और गैरकानूनी जमावड़े से जुड़े अपराधों से संबंधित हैं। इस मामले में पुलिसकर्मी स्वयं शिकायतकर्ता बने हैं।
ये भी पढ़ें: CJP के प्रदर्शन में शामिल होने वाले एक्टर इमरान खान को छोड़ना होगा भारत, नोटिस हुआ जारी

