Asian Para Games 2026: आइची-नागोया में जारी एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता के पांचवें दिन बैडमिंटन और पैरा आर्चरी में गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर भारत ने पदकों की संख्या 90 के पार पहुंचा दी है। खिलाड़ियों की लगातार जीत से मेडल टैली में भारत की स्थिति मजबूत हुई है और देश की नजरें अब अगले मुकाबलों पर टिकी हैं।
बैडमिंटन में नितेश को गोल्ड, प्रमोद ने जीता सिल्वर
एशियन पैरा गेम्स 2026 में बैडमिंटन कोर्ट पर भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। पुरुष सिंगल्स (SL3) के फाइनल में नितेश कुमार ने प्रमोद भगत को सीधे सेटों में 21-18, 21-16 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में दोनों शीर्ष स्थान भारतीय खिलाड़ियों के नाम रहे। नितेश ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि प्रमोद को सिल्वर से संतोष करना पड़ा। वहीं, महिला सिंगल्स (SU5) के फाइनल में थुलसिमथी मुरुगेसन ने रजत पदक जीतकर भारत की पदक तालिका में एक और इजाफा किया।
पैरा आर्चरी में भारत को गोल्ड, एथलेटिक्स में सिल्वर
हरविंदर सिंह और विजय सुंडी की जोड़ी ने पुरुष रिकर्व टीम स्पर्धा में चीन को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, महिला रिकर्व डबल्स के फाइनल में पूजा जत्यान और भावना चौधरी को रजत पदक मिला। एथलेटिक्स की पुरुष 1500 मीटर (T46) स्पर्धा में प्रमोद ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इन पदकों के साथ एशियन पैरा गेम्स 2026 के पांचवें दिन भारत की कुल पदक संख्या 90 के पार पहुंच गई। अब भारतीय दल की नजरें 100 पदकों का आंकड़ा पार करने पर टिकी हैं।
ये भी पढ़ें: पैरा तैराक मोहम्मद शम्स पर जापान में महिला से यौन हिंसा करने का लगा आरोप, एशियन पैरा गेम्स से भारत लौटे

