Indian-origin couple $20 million donation: भारतीय मूल के इंजीनियर दंपति विकास और अनुराधा सिन्हा ने अमेरिका की University of North Texas (UNT) को 20 मिलियन डॉलर का दान दिया है। इस राशि से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एडवांस्ड एनालिटिक्स पर केंद्रित नया कॉलेज स्थापित किया जाएगा, जिसका नाम Anuradha and Vikas Sinha College of Artificial Intelligence and Advanced Analytics रखा जाएगा।
AI और डेटा रिसर्च का बनेगा केंद्र
नया कॉलेज Division of Applied Intelligence and Informatics और Division of Information and Learning Applications के तहत काम करेगा। पहला विभाग इंटेलिजेंट सिस्टम बनाने और लागू करने पर, जबकि दूसरा मानव व संस्थागत संदर्भों में सूचना और इंटेलिजेंट सिस्टम के इस्तेमाल पर केंद्रित होगा। यह AI, इंटेलिजेंट सिस्टम और डेटा एनालिटिक्स का अकादमिक व रिसर्च हब होगा। इसमें AI, साइबर सिक्योरिटी, डेटा साइंस, एडवांस्ड एनालिटिक्स, हेल्थ इंफॉर्मेटिक्स, इंफॉर्मेशन साइंस, लाइब्रेरी साइंस और लर्निंग टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्र शामिल होंगे।
छह स्थायी एंडोमेंट और नया रिसर्च इंस्टीट्यूट
दान से कॉलेज नेतृत्व, छात्रवृत्ति, प्रोफेसरशिप, उद्यमिता व इनक्यूबेशन, एडवांस्ड रिसर्च और उभरती तकनीकों के लिए छह स्थायी एंडोमेंट बनाए जाएंगे। कॉलेज में Applied Artificial Intelligence and Data Science Institute भी होगा, जो UNT में AI और एनालिटिक्स रिसर्च व शिक्षा को जोड़ेगा तथा साझा इंफ्रास्ट्रक्चर, फंडिंग और इंडस्ट्री पार्टनरशिप को बढ़ावा देगा। UNT के अध्यक्ष हैरिसन केलर ने कहा कि यह योगदान छात्रों और फैकल्टी के लिए नए अवसर पैदा करेगा और UNT 2030 रणनीतिक योजना के तहत शिक्षा, रिसर्च और इनोवेशन को मजबूत करेगा।
भारत से अमेरिका तक का सफर
विकास और अनुराधा दोनों ने Sri Venkateswara University, Uttar Pradesh से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक किया और आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका पहुंचे। दोनों ने Florida Atlantic University से ग्रेजुएट डिग्री ली। विकास ने Northwestern University में पढ़ाई की और 2023 में UNT से PhD पूरी की। 2024 में दंपति ने Anuradha and Vikas Sinha Department of Data Science की स्थापना के लिए दान दिया था। इसके एक साल बाद उन्होंने Sinha Innovation Lab for Data Science बनाया।
विकास सिन्हा, जो Broadcom में Vice President हैं, ने कहा कि यह दान उनके लिए अवसर आगे बढ़ाने और यह मान्यता देने का माध्यम है कि अप्रवासी अमेरिकी सपने को सिर्फ हासिल नहीं करते, बल्कि उसे बनाने में भी योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ने उनके जीवन में अवसरों के दरवाजे खोले और वे इन्हें दूसरों के लिए खुला रखना चाहते हैं।
ये भी पढ़े: गुजरात के गांधीनगर में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन इमारत का स्लैब गिरा; 15 मजदूर बचाए गए

