Indian Pilgrims Stranded in Saudi Arabia: सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच जारी संघर्ष के बीच उमराह करने गए भारतीय तीर्थयात्रियों की सुरक्षित वापसी को लेकर चिंता बढ़ गई है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि सऊदी अरब में फंसे भारतीयों को जल्द वापस लाने के लिए टूर ऑपरेटरों और एयरलाइंस से संपर्क किया जा रहा है। यह बयान सांसद असदुद्दीन ओवैसी की ओर से मामला उठाए जाने के बाद आया है।
3,000 उमराह यात्री लौटे भारत
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा का वाणिज्य दूतावास प्रभावित तीर्थयात्रियों की वापसी के लिए एयरलाइंस और टूर ऑपरेटरों के संपर्क में हैं। पिछले एक सप्ताह में सऊदी अरब में फंसे करीब 3,000 उमराह यात्री और पहले से बुकिंग करा चुके 10,000 से अधिक अन्य तीर्थयात्री भारत लौट चुके हैं। बाकी यात्रियों की जल्द वापसी के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास सामुदायिक स्वयंसेवकों की मदद से तीर्थयात्रियों को हरसंभव सहायता दे रहे हैं। इसके लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन सक्रिय हैं।
स्पेशल फ्लाइट चलाने की मांग
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने दावा किया कि भारत से गए करीब 4,000 उमराह तीर्थयात्री मक्का-मदीना में फंसे हैं। उन्होंने कहा कि इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया की उड़ानें रद्द होने से यात्री परेशान हैं। DGCA से एयरलाइंस को उड़ानें संचालित करने या विशेष उड़ानों की व्यवस्था करने का निर्देश देने की मांग की, ताकि सभी तीर्थयात्री सुरक्षित भारत लौट सकें।
ये भी पढ़ें: सऊदी अरब के दमाम एयरपोर्ट पर हमला, एक विदेशी नागरिक की मौत और 8 घायल
सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों के लिए अलर्ट, भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने की अपील

