Israel Flydubai Flight FZ1073: इजरायल फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट को हादसे से बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मछार को सम्मानित करेगा. इजरायल के भारत में राजदूत रुवेन अजार ने आजतक से बातचीत में कहा कि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और आम इजरायली नागरिक तक कैप्टन स्मित की बहादुरी की चर्चा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इजरायल अपने दोस्तों को नहीं भूलता और मुश्किल वक्त में साथ खड़े लोगों का सम्मान करता है.
अजार के मुताबिक, कैप्टन स्मित ने विमान में सवार करीब 180 लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई. यह घटना 7 अक्टूबर के आतंकी हमले की तीसरी बरसी के करीब हुई. संभावित खतरे को देखते हुए इजरायल ने फाइटर जेट्स भी रवाना किए थे. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी विमान से जुड़े खतरे पर हुई सुरक्षा बैठक में शामिल थे.
चार इजरायली यात्रियों को भी मिलेगा मेडल
इजरायली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने विमान में हालात संभालने वाले चार नागरिकों—यानिव हयून, डॉ. शोता मुसायेव, त्विका मैन्स और आसफ रेजवान—को President Medal for Civilian Heroism देने की सिफारिश करने की बात कही है. हर्जोग ने इन चारों से बातचीत भी की.
को-पायलट ने किया था हमला
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में को-पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया था. इसके बाद विमान तेजी से ऊंचाई खोने लगा. यात्रियों और क्रू ने मिलकर स्थिति संभालने और विमान का नियंत्रण वापस पाने में मदद की. बाद में फ्लाइट को सऊदी अरब डायवर्ट किया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग हुई. घटना के बाद कैप्टन स्मित और यात्रियों की भूमिका इजरायल में चर्चा का विषय बनी हुई है.
ये भी पढ़े: चीन का भविष्य का टैंक होगा न्यूक्लियर पावर से लैस, 450 किमी तक मारक क्षमता का लक्ष्य

