Jaipur Metro News: जयपुर मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट के निर्माण का ठेका अदाणी ग्रुप को मिल सकता है। मेट्रो लाइन-2 के इस प्रोजेक्ट के लिए अदाणी ग्रुप की कंपनी सेमइंडिया प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने 921.63 करोड़ रुपये की सबसे कम बोली लगाई है। इसके साथ ही कंपनी टेंडर की दौड़ में सबसे आगे पहुंच गई है। हालांकि, अभी अंतिम ठेका जारी नहीं हुआ है।
एयरपोर्ट के नीचे बनेंगी दो सुरंगें
इस प्रोजेक्ट के तहत टोंक रोड पर पिंजरापोल गोशाला से B2 बाईपास चौराहे तक अंडरग्राउंड मेट्रो ट्रैक बनाया जाएगा। इसमें जयपुर एयरपोर्ट के नीचे से दो समानांतर सुरंगें बनाई जाएंगी। साथ ही सांगानेर थाना और जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भूमिगत मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसके अलावा, प्रस्तावित यूनिटी मॉल को ध्यान में रखते हुए जवाहर सर्किल के पास एक अतिरिक्त अंडरग्राउंड स्टेशन बनाने पर भी विचार किया जा रहा है।
36 महीने में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
जयपुर मेट्रो प्रशासन लाइन-2 के 8.5 किलोमीटर लंबे भूमिगत हिस्से के निर्माण में अत्याधुनिक टनल बोरिंग मशीन (TBM) का इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है। इसका उद्देश्य घनी आबादी वाले टोंक रोड और एयरपोर्ट रनवे के नीचे सुरक्षित तरीके से सुरंग बनाना है। यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन को सीधे पैसेंजर टर्मिनल से जोड़ने के लिए सबवे और वॉकवे भी प्रस्तावित हैं। राज्य कैबिनेट और मेट्रो बोर्ड से अंतिम मंजूरी मिलने पर टेंडर आवंटन के 36 महीनों के भीतर निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है।
ये भी पढ़ें: सोना-चांदी के दाम हुए धड़ाम, एक हफ्ते में सोना ₹3,760 तो चांदी ₹10,000 हुई सस्ती

