Jaipur: जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। सोमवार देर शाम चरक भवन के ENT वार्ड में अपनी बहन का हालचाल जानने पहुंची करौली निवासी रेणु के सिर पर अचानक छत का पंखा गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके सिर पर 12 से ज्यादा टांके लगाने पड़े। रेणु की बहन संतोष का कान का ऑपरेशन हुआ था। रेणु मरीज के बेड के पास रखी टेबल पर बैठी थी, तभी पंखा टूटकर सीधे उसके सिर पर जा गिरा। उसके सिर से खून बहने लगा और वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। नर्सिंग स्टाफ ने एंबुलेंस बुलाई, लेकिन ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने में करीब आधे घंटे का इंतजार करना पड़ा।
इलाज के बाद भी भर्ती के लिए भटकाया
ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने रेणु के सिर पर 12 से ज्यादा टांके लगाए। इसके बाद उसे भर्ती करने के बजाय मेडिसिन विभाग भेजा गया, लेकिन वहां भी भर्ती नहीं किया गया। फिर उसे वापस चरक भवन भेज दिया गया। आखिरकार उसी ENT वार्ड में बहन के पास उसे बेड दिया गया, जहां वह मिलने आई थी।
गिरे पंखे को दोबारा लगाने का आरोप
मामले की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस पंखे के गिरने से महिला घायल हुई, जानकारी के मुताबिक कर्मचारियों ने उसी पंखे को दोबारा लगा दिया। घटना ने अस्पताल में मरीजों और परिजनों की सुरक्षा के साथ-साथ भर्ती व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़े: ‘अब नई पीढ़ी को जिम्मेदारी’ वाले बयान पर नितिन गडकरी ने दी सफाई

