Monday, Oct 26

होम = Breaking = JMI में होंगे छात्रसंघ चुनाव, समझौते के बाद छात्रों का प्रदर्शन खत्म; प्रशासन जारी किए गए नोटिस लेगा वापस

JMI में होंगे छात्रसंघ चुनाव, समझौते के बाद छात्रों का प्रदर्शन खत्म; प्रशासन जारी किए गए नोटिस लेगा वापस

Jamia Students Protest Ends: जामिया मिल्लिया इस्लामिया (यूनिवर्सिटी) में प्रशासन और छात्रों के बीच कई दिनों से जारी टकराव अब खत्म हो गया है। 26 अक्टूबर 2026 को दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद भूख हड़ताल और विरोध प्रदर्शन समाप्त करने का ऐलान किया गया। छात्रों की मांगों पर सहमति के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया है। प्रशासन के 26 अक्टूबर के आदेश के मुताबिक, छात्र संघ के संविधान को मंजूरी मिलने के 15 दिन बाद चुनाव कराए जाएंगे।

निलंबन और नोटिस वापस लेने का फैसला

जामिया मिल्लिया इस्लामिया प्रशासन ने विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों को जारी किए गए निलंबन आदेश और कारण बताओ नोटिस तत्काल वापस लेने का फैसला किया है। प्रशासन के मुताबिक, इन सभी आदेशों को निरस्त किया जाएगा। इसके अलावा, प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाकर्मियों की ओर से की गई कार्रवाई की जांच के लिए एक समिति का गठन भी किया जाएगा। इस फैसले को छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच गतिरोध खत्म करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

3 सांसदों पर FIR दर्ज

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में प्रदर्शन के दौरान तीन सांसदों के परिसर में प्रवेश को लेकर विवाद गहरा गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने रविवार को कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी और सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तीनों बिना अनुमति परिसर में दाखिल हुए और छात्रों को उकसाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। हालांकि, ये फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोप हैं।

ये भी पढ़ें: जंतर-मंतर प्रदर्शन मामले में CJP नेताओं को राहत, सौरव दास और आशुतोष रांका न्यायिक हिरासत से रिहा