Wednesday, Sep 02

होम = Cover Story Big = रक्षाबंधन पर मायके आई 3 महीने की गर्भवती पलक की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार कार ने 11 लोगों को रौंदा

रक्षाबंधन पर मायके आई 3 महीने की गर्भवती पलक की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार कार ने 11 लोगों को रौंदा

Jhansi: रक्षाबंधन की खुशियां झांसी में कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं। खुशीपुरा निवासी 24 वर्षीय पलक, जो तीन महीने की गर्भवती थी, अपने भाई के साथ त्योहार मनाने मायके आई थी। सोमवार 31 अगस्त की शाम वह परिवार के करीब 10-11 सदस्यों के साथ नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित जनक रेस्टोरेंट में खाना खाने गई थी।

आइसक्रीम लेने निकले, तभी मची चीख-पुकार

खाना खाने के बाद परिवार रेस्टोरेंट के बाहर सड़क किनारे आइसक्रीम की ठेली के पास खड़ा था। तभी तेज रफ्तार बेकाबू कार ने ठेली समेत वहां खड़े लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पलक समेत करीब 11 लोग घायल हुए। कार ने परशुराम चौक के पास कई लोगों और वाहनों को भी टक्कर मारी। ई-रिक्शा, कार और बाइक सवार भी इसकी चपेट में आए। आइसक्रीम विक्रेता गंभीर रूप से घायल हुआ। टक्कर के बाद कार पलट गई और परिवार के मुताबिक उसमें सवार कुछ लोग मौके से भागने लगे।

इलाज के दौरान पलक ने तोड़ा दम

गंभीर रूप से घायल पलक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता सुदामा सिंह ने बताया कि हादसे में परिवार के तीन लोग घायल हैं। उनकी पत्नी के पैर में अंदरूनी चोट और एक अन्य सदस्य के हाथ में गंभीर सूजन है। हादसे के समय सीपरी बाजार निवासी प्रियांशु भी पांच परिजनों के साथ जन्मदिन मनाने पहुंचा था। उसका परिवार भी कार की चपेट में आकर घायल हो गया।

आरोपी चालक गिरफ्तार

नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के मुताबिक पुलिस ने कार चालक चिरगांव निवासी शिवान को नगर निगम गेट के पास से पकड़ लिया। पुलिस ने पलक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों व आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।

डेढ़ साल बाद उजड़ा परिवार

पलक की शादी 30 अप्रैल 2025 को हुई थी। शादी के करीब डेढ़ साल बाद ही उसकी जिंदगी खत्म हो गई। भाई को राखी बांधने और परिवार के साथ त्योहार मनाने मायके आई पलक को नहीं पता था कि आइसक्रीम लेने के लिए सड़क किनारे खड़ा होना उसकी जिंदगी का आखिरी पल बन जाएगा। उसकी मौत से मायके और ससुराल दोनों में मातम है।

ये भी पढ़े: पाकिस्तान में फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, 344 और 371 रुपये के पार पहुंची कीमतें