Kaushambi Firecracker Factory Blast: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट ने गया प्रसाद साहू के परिवार को उजाड़ दिया। हादसे में उनके चार बच्चों- 15 वर्षीय जाह्नवी, 10 वर्षीय आदित्य और 2 वर्षीय रवि व अमित की मौत हो गई। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई।
DSP ने पिता को लगाया गले
बच्चों की मौत से टूटे गया प्रसाद मुआवजा बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर अंतिम संस्कार से इनकार कर रहे थे। शव घर पहुंचने पर उन्होंने रोते हुए कहा, “मेरा सब कुछ चला गया, अब जीकर ही क्या करूंगा?” परिवार ने सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया। मामले की जानकारी पर सिराथू DSP सत्येंद्र तिवारी पहुंचे। वायरल वीडियो में वह गया प्रसाद को गले लगाकर ढांढस बंधाते, उनके गाल पर हाथ रखते और कहते दिखे, “हम आपके साथ हैं।” उन्होंने पिता से फिलहाल बच्चों का अंतिम संस्कार करने की अपील की। समझाने के बाद परिवार और ग्रामीण राजी हुए और देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया।
परिवार को मिला ₹32 लाख का चेक
बुधवार को प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान ने परिवार को कुल 32 लाख रुपये की सहायता का चेक सौंपा। इसमें दैवीय आपदा के तहत 4 लाख, प्रधानमंत्री सहायता कोष से 2 लाख और मुख्यमंत्री सहायता कोष से 2 लाख रुपये शामिल हैं। चार बच्चों को एक साथ खोने से पूरे इलाके में शोक है। आर्थिक सहायता मिलने के बावजूद परिवार के इस अपूरणीय नुकसान की भरपाई संभव नहीं है।
ये भी पढ़े: रक्षाबंधन पर मायके आई 3 महीने की गर्भवती पलक की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार कार ने 11 लोगों को रौंदा

