Kerala: केरल के एर्नाकुलम जिले में कोच्चि एयरपोर्ट के पास रविवार तड़के तेज रफ्तार मिनी कूपर कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवतियों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने 19 वर्षीय ड्राइवर सुहैल सजीव को हिरासत में लिया है। आरोप है कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों से उसने कहा कि उसके पिता सब संभाल लेंगे।
चाय पीकर लौट रहे थे तीनों
हादसा रात करीब 2 बजे नेदुंबस्सेरी में हुआ। तीनों दोस्त पास की दुकान से चाय पीकर घर लौट रहे थे। मृतकों की पहचान वायनाड की देविका, पलक्कड़ की गोपिका और कर्नाटक के इजाज के रूप में हुई है। तीनों त्रिक्काकारा में काम करते थे। टक्कर से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी मौत हो गई।
ड्राइवर ने बीयर पीने की बात कबूली
पुलिस के मुताबिक, सुहैल ने हादसे से पहले बीयर पीने की बात स्वीकार की है। शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन की पुष्टि के लिए उसके खून और अन्य नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। एर्नाकुलम ग्रामीण एसपी केएस सुदर्शन ने बताया कि शुरुआती जांच में नशे में ड्राइविंग की आशंका है। कार की फॉरेंसिक जांच भी जारी है। सुहैल के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस है और कार उसके पिता के नाम पर पंजीकृत है।
CCTV में दिखी भीषण टक्कर
टीवी चैनलों पर प्रसारित फुटेज में कार तेज रफ्तार से सड़क के बिल्कुल बाईं ओर चल रही स्कूटी से टकराती दिखी। टक्कर से पीछे बैठी एक युवती हवा में उछल गई। स्कूटी के टुकड़े बिखर गए और कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
अस्पताल में आरोपी पर हमला
पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच के दौरान मृतकों के कुछ दोस्तों ने अस्पताल में सुहैल से भिड़ने के बाद बाहर ले जाते समय पीछे से उसके सिर पर हमला किया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर एक हमलावर को हिरासत में लिया।
सुहैल के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या समेत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एसपी ने एयरपोर्ट क्षेत्र में गश्त और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की बात कही है। खून की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।
ये भी पढ़े: सूडान में सोने की खदान पर मिसाइल हमला, 72 लोगों की मौत; मिस्र की वायुसेना पर लगा आरोप

