Lakshmi Charan Paduka: दिवाली पर माता लक्ष्मी की पूजा के साथ घर के मुख्य द्वार पर उनके चरण पादुका बनाने की भी परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इससे घर में सुख-समृद्धि, धन-धान्य और सौभाग्य का आगमन होता है। लेकिन चरण पादुका बनाते समय उनकी दिशा और स्थान का ध्यान रखना जरूरी माना जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि माता लक्ष्मी के चरण मुख्य द्वार के अंदर बनाने चाहिए या बाहर ।
लक्ष्मी चरण पादुका बनाने का क्या है महत्व
हिंदू धर्म में माता लक्ष्मी के चरणों को धन, सुख, समृद्धि और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि दिवाली की रात माता लक्ष्मी पृथ्वी भ्रमण पर निकलती हैं और जिन घरों में साफ-सफाई, पवित्रता और भक्ति का वातावरण होता है, वहां वास करती हैं। इसी मान्यता के चलते दिवाली पर घर के मुख्य द्वार को सजाया जाता है और माता लक्ष्मी के पदचिह्न बनाए जाते हैं। धार्मिक विश्वास के अनुसार, इससे घर में मां लक्ष्मी का स्वागत होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। दिवाली, धनतेरस और लक्ष्मी पूजन के अवसर पर चरण पादुका बनाना विशेष रूप से शुभ माना जाता है।
घर के मेन गेट पर चरण पादुका कहां बनाएं
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माता लक्ष्मी के चरण पादुका घर के मुख्य दरवाजे की दहलीज के ठीक अंदर फर्श पर या दरवाजे के बगल में बनाए जा सकते हैं। इसके अलावा, इन्हें घर के मंदिर में माता लक्ष्मी की मूर्ति या तस्वीर के सामने अथवा बगल में भी स्थापित किया जा सकता है। चरण पादुका बनाते समय पैरों की उंगलियों का मुख घर के अंदर की ओर रखना चाहिए। इसे इस प्रतीक के रूप में देखा जाता है कि माता लक्ष्मी घर में प्रवेश कर रही हैं।
किस रंग से बनाएं माता लक्ष्मी के चरण
माता लक्ष्मी के पदचिह्न बनाने के लिए लाल, गुलाबी, पीले या हरे रंग का इस्तेमाल करना शुभ माना जाता है। इसके अलावा चावल के आटे और सिंदूर से भी चरण पादुका बनाए जा सकते हैं। इनका आकार सामान्य हथेली के बराबर या उससे छोटा रखा जा सकता है। ध्यान रखें कि पदचिह्न साफ-सुथरे और स्पष्ट हों, ताकि मुख्य द्वार की सजावट भी अच्छी लगे।
ये भी पढ़ें: अरुणाचल बॉर्डर पर तनाव के बीच चीन का पहला बयान, बोला- समझौतों के मुताबिक करते हैं पेट्रोलिंग

